केरल डेंटल छात्र की मौत की जांच करेगी क्राइम ब्रांच की टीम

केरल डेंटल छात्र की मौत की जांच करेगी क्राइम ब्रांच की टीम
केरल पुलिस प्रमुख रावदा ए. चंद्रशेखर ने बुधवार को कन्नूर डेंटल कॉलेज में बीडीएस छात्र नितिन राज की मौत की जांच राज्य क्राइम ब्रांच को सौंप दी।

तिरुवनंतपुरम, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल पुलिस प्रमुख रावदा ए. चंद्रशेखर ने बुधवार को कन्नूर डेंटल कॉलेज में बीडीएस छात्र नितिन राज की मौत की जांच राज्य क्राइम ब्रांच को सौंप दी।

यह आदेश कन्नूर सिटी पुलिस कमिश्नर निधिनराज पी की सिफारिश के बाद राज्य पुलिस प्रमुख ने जारी किया। यह फैसला शैक्षणिक उत्पीड़न और डिजिटल लोन ऐप से धमकियों के आरोपों को लेकर बढ़ती चिंता के बीच लिया गया है।

कन्नूर डेंटल कॉलेज के छात्र नितिन राज ने 10 अप्रैल को कॉलेज भवन से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद व्यापक आक्रोश फैल गया और निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी।

मृतक के परिवार का आरोप है कि विभागाध्यक्ष एमके राम ने नितिन को लंबे समय तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। अब यही आरोप क्राइम ब्रांच की जांच का मुख्य आधार बन गया है।

इस मामले में कॉलेज के दो शिक्षकों, एम.के. राम और संगीता नांबियार को आरोपी बनाया गया है।

कॉलेज प्रबंधन ने शुरुआत में दोनों को निलंबित कर दिया था। बाद में विवाद बढ़ने पर एम.के. राम को नौकरी से हटा दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, अब जांच में कॉलेज के अंदरूनी दस्तावेज, शैक्षणिक रिकॉर्ड और संबंधित लोगों के बयान खंगाले जाएंगे, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं संस्थागत लापरवाही या दबाव तो नहीं था।

स्थानीय अदालत से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद एमके राम फरार चल रहे हैं, जबकि संगीता नांबियार को जमानत मिल चुकी है और वह पुलिस के सामने पेश भी हो चुकी हैं।

इस मामले में एक डिजिटल एंगल भी सामने आया है। साइबर पुलिस ने अवैध लोन ऐप से जुड़े तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया है, जिन पर छात्र और एक शिक्षक को धमकाने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी ऋषिकेश तिवारी, उत्तर प्रदेश निवासी प्रशांत केवल और फरीदाबाद निवासी प्रकाश जय के रूप में हुई है।

अब क्राइम ब्रांच इस बात की भी जांच करेगी कि क्या छात्र पर शैक्षणिक दबाव और बाहरी आर्थिक धमकियों का आपस में कोई संबंध था। साथ ही अवैध और शोषणकारी लोन ऐप्स से जुड़े नियमों की खामियों की भी जांच की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 April 2026 7:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story