भारत की मेजबानी में आईओआरए बैठक के सफल आयोजन की मॉरीशस और श्रीलंका ने की सराहना

नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। 'इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन' (आईओआरए) की 25वीं 'काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स' (सीओएम) बैठक के सफल आयोजन के लिए मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफुल ने भारत की सराहना की। उन्होंने पिछले एक साल के दौरान इस क्षेत्रीय समूह की अध्यक्षता करने के लिए भी भारत की सराहना की।
सीओएम बैठक में अपने उद्घाटन भाषण के दौरान रामफुल ने आईओआरए सचिवालय के प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि आईओआरए के नए उपाध्यक्ष के रूप में मॉरीशस भारत और अन्य सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, "मैं भारत सरकार को इस परिषद बैठक के सफल आयोजन और हमारे यहां पहुंचने के बाद से मॉरीशस के प्रतिनिधिमंडल को दिए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए बधाई देता हूं। मैं पिछले एक वर्ष में आईओआरए की अध्यक्षता के दौरान भारत के शानदार नेतृत्व की भी सराहना करता हूं। साथ ही, इस बैठक की तैयारी और संगठन के सहयोग एजेंडे को आगे बढ़ाने में लगातार समर्थन देने के लिए आईओआरए सचिवालय की भी प्रशंसा करता हूं।"
रामफुल ने आगे कहा कि यह पहली बार है जब मॉरीशस आईओआरए की बैठक में उपाध्यक्ष के रूप में हिस्सा ले रहा है। उन्होंने कहा कि इस नई भूमिका में उनका देश अध्यक्ष और सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर संगठन के कामकाज को आगे बढ़ाने, उसकी नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने और बदलते क्षेत्रीय तथा वैश्विक माहौल में आईओआरए की भूमिका को और मजबूत बनाने के लिए काम करेगा।
उन्होंने कहा, "हम इस परिषद बैठक के दौरान सकारात्मक चर्चा और उपयोगी विचार-विमर्श की उम्मीद करते हैं, ताकि ऐसे सार्थक नतीजे निकलें जो संगठन के भविष्य के काम को दिशा दे सकें।"
रामफुल ने कहा कि आईओआरए क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने, टिकाऊ और समावेशी आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और सदस्य देशों की साझा चुनौतियों से निपटने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन सकता है। उन्होंने कहा कि हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, निवेश और संपर्क का एक अहम मार्ग है। ऐसे में आईओआरए समुद्री सुरक्षा, व्यापार और निवेश को आसान बनाने, मत्स्य प्रबंधन, पर्यटन, ब्लू इकोनॉमी, आपदा जोखिम प्रबंधन, शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक सहयोग और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत कर सकता है।
रामफुल ने कहा, "अगर सदस्य देश अपनी सामूहिक ताकत, संसाधनों और विशेषज्ञता का सही उपयोग करें तो आईओआरए नए आर्थिक अवसर पैदा कर सकता है, क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत बना सकता है और पूरे हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।"
वहीं, श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने 2023 में विदेश मंत्री एस. जयशंकर की कोलंबो यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा कि उस समय जयशंकर ने हिंद महासागर को एक स्वतंत्र, खुला और समावेशी क्षेत्र बताया था। हेराथ ने कहा कि भारत की मौजूदा अध्यक्षता के दौरान यह सोच आज भी उतनी ही प्रासंगिक है और भारत द्वारा चुना गया विषय क्षेत्र के सामने मौजूद चुनौतियों के अनुरूप है।
उन्होंने कहा, "जब आप 2023 में कोलंबो आए थे, तब डॉ. जयशंकर ने हिंद महासागर को एक स्वतंत्र, खुला और समावेशी क्षेत्र बताया था। आज आप हमें 'हिंद महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलापन, मजबूती और अनुकूलन क्षमता' की थीम के साथ नेतृत्व दे रहे हैं। हमारे क्षेत्र की चुनौतियों को देखते हुए इससे बेहतर विषय नहीं हो सकता।"
हेराथ ने बैठक के लिए किए गए स्वागत और व्यवस्थाओं के लिए भारत सरकार का धन्यवाद भी किया। साथ ही उन्होंने आईओआरए की 'ट्रोइका' व्यवस्था के तहत भारत और मॉरीशस के साथ मिलकर काम करने को लेकर भरोसा जताया।
उन्होंने कहा कि श्रीलंका भारत और मॉरीशस दोनों के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक है। आईओआरए में अध्यक्षता किसी एक देश की संपत्ति नहीं होती। यह दो वर्षों के लिए सभी सदस्य देशों की ओर से भरोसे के रूप में सौंपी जाती है और फिर आगे बढ़ा दी जाती है। श्रीलंका ने 2023 से 2025 तक यह जिम्मेदारी निभाई और हमने इसे पूरी तरह विश्वास के साथ भारत को सौंपा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
