पाकिस्तान में बारिश ने मचाई तबाही, खैबर पख्तूनख्वा में तीन की मौत, 14 घायल

पाकिस्तान में बारिश ने मचाई तबाही, खैबर पख्तूनख्वा में तीन की मौत, 14 घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के पेशावर, मोहमंद और नौशेरा जिलों में बारिश से जुड़े हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए। यह जानकारी स्थानीय मीडिया ने गुरुवार को दी।

इस्लामाबाद, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के पेशावर, मोहमंद और नौशेरा जिलों में बारिश से जुड़े हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए। यह जानकारी स्थानीय मीडिया ने गुरुवार को दी।

प्रमुख दैनिक 'डॉन' की रिपोर्ट के अनुसार, रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया कि पेशावर के मट्टानी इलाके में छत गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। मियां गुजर और इस्लामाबाद कोरुना इलाकों में लोग बारिश के पानी में फंसे हुए थे।

फैजी ने बताया कि नौशेरा के रहीमाबाद इलाके में छत गिरने से एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। इनमें दो बच्चे और एक महिला शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए पब्बी अस्पताल ले जाया गया।

मोहमंद जिले में बारिश से जुड़े हादसों में दो लोगों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए। शहीद बांदा इलाके में एक लड़की की मौत हो गई, जब उसके घर का कमरा गिर गया। इसी तरह एक्काघुंड के करारी इलाके में भी ऐसा ही हादसा हुआ, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। बैजई इलाके के सरा खावा में एक आदमी की मौत हो गई, जब उसका कमरा भारी बारिश की वजह से गिर गया।

बुधवार को मोहमंद जिले के पिंडियाली तहसील के दवेजाई दावत कोर इलाके में छत गिरने से चार लोग घायल हो गए।

मोहमंद जिले में इस बार रिकॉर्ड बारिश हुई है और काफी नुकसान हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, 2026 में यहां 151 मिलीमीटर बारिश हुई, जो 2013 के 134 मिलीमीटर के पुराने रिकॉर्ड से ज्यादा है। लगातार बारिश से निचले इलाके पानी में डूब गए और छोटे नाले भी उफान पर आ गए।

कई लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए। सैकड़ों घर और दीवारें टूट गईं या खराब हो गईं। कई इलाकों की सड़कें भी बह गईं, जिससे लोग अलग-थलग पड़ गए और राहत कार्य में दिक्कत आई।

बारिश की वजह से मवेशियों की मौत हो गई और खेतों की फसलें भी बर्बाद हो गईं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान हुआ है।

पांच मार्च को प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) ने बताया था कि मार्च के आखिर से भारी बारिश के कारण छत और दीवार गिरने से अब तक 45 लोगों की मौत हो चुकी है और 105 लोग घायल हुए हैं।

पीडीएमए के मुताबिक, मरने वालों में 23 बच्चे, 17 पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं। वहीं, घायलों में 45 पुरुष, 16 महिलाएं और 44 बच्चे हैं। खैबर पख्तूनख्वा में कुल 442 घरों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें 382 घर आंशिक रूप से और 60 घर पूरी तरह से तबाह हो गए हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 April 2026 5:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story