सुखबीर सिंह बादल ने आत्महत्या के मामले में परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया

सुखबीर सिंह बादल ने आत्महत्या के मामले में परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को गुलजार सिंह के परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया।

चंडीगढ़, 11 सितंबर (आईएएनएस)। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को गुलजार सिंह के परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया।

गुलजार सिंह ने पंचायत द्वारा धमकाए जाने और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा से सिंथेटिक ड्रग्स (चिट्टा) की धड़ल्ले से हो रही बिक्री पर सवाल उठाने के कारण उनसे माफी मांगने का दबाव बनाए जाने के बाद आत्महत्या कर ली थी।

गुलजार के बेटे लखविंदर ने शुक्रवार को अकाली दल प्रमुख से उनके आवास पर मुलाकात की और उस दुखद घटना के बारे में बताया, जिसके कारण उनके पिता की मौत हुई।

उन्होंने विस्तार से बताया कि कैसे पंजाब पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के निर्देशों पर जबरदस्ती बल प्रयोग करके गुलजार का अंतिम संस्कार कर दिया। लखविंदर ने कहा कि परिवार को गुलजार को उनके आखिरी पलों में देखने की इजाजत नहीं दी गई और उनकी मर्जी के बिना ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

उन्होंने दावा किया, "हमें 'अरदास' करने का अधिकार भी नहीं दिया गया और गुलजार की मां, पत्नी और बच्चों को उन्हें आखिरी विदाई तक नहीं देने दी गई।"

घटनाक्रम पर हैरानी जताते हुए बादल ने कहा कि इन खुलासों से उन्हें दुख और गुस्सा दोनों हुआ है। परिवार को एक बेरहम और क्रूर सरकार के हाथों अकल्पनीय पीड़ा झेलनी पड़ी है, जिसे लोगों की कोई परवाह नहीं है और जो सिर्फ वित्त मंत्री हरपाल चीमा को बचाने की चिंता कर रही है, जो गुलजार की मौत के लिए जिम्मेदार हैं।"

उन्होंने कहा कि गुलजार ने अपने मरने से पहले दिए बयान (डाइंग डिक्लेरेशन) में वित्त मंत्री का नाम लिया था, इसलिए पुलिस को आखिरकार उनके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करना ही होगा।

बादल ने कहा, "मैंने लखविंदर को भरोसा दिलाया है कि शिअद इस मामले को तार्किक अंजाम तक पहुंचाएगा और उन्हें हर तरह की कानूनी, आर्थिक और सामाजिक मदद भी देगा, ताकि परिवार आप सरकार के हाथों झेले गए सदमे और अपमान से उबर सके।

उन्होंने यह भी साफ किया कि आत्महत्या करने वाले व्यक्ति के परिवार पर जुल्म करने वाले अधिकारियों को भी अपने गलत कामों का जवाब देना होगा।

उन्‍होंने कहा, "किसी को भी इस तरह से शोक संतप्त परिवार के अधिकारों को कुचलने का अधिकार नहीं है। गुलजार को अपमानित करने और उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर करने के दोषी हर व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।"

बादल ने कहा, "इसकी शुरुआत ऊपर से होनी चाहिए और इसमें सभी दोषी शामिल होने चाहिए।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 Sept 2026 10:38 PM IST

Tags

Next Story