ब्रिटेन में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप, तेलुगु यूट्यूबर रमना नंदना हिरासत में

ब्रिटेन में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप, तेलुगु यूट्यूबर रमना नंदना हिरासत में
लोकप्रिय तेलुगु यूट्यूबर रमना नंदना को सोमवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन पर ब्रिटेन में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी करने का आरोप है।

हैदराबाद, 7 सितंबर (आईएएनएस)। लोकप्रिय तेलुगु यूट्यूबर रमना नंदना को सोमवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन पर ब्रिटेन में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी करने का आरोप है।

रमना को आंध्र प्रदेश में दर्ज एक मामले के बाद जारी लुकआउट नोटिस के आधार पर एयरपोर्ट पर रोका गया। पुलिस अब उन्हें आंध्र प्रदेश के इब्राहिमपट्टनम पुलिस को सौंपने की तैयारी में है, जहां उनके खिलाफ मामला दर्ज है।

रमना अपने यूट्यूब चैनल 'नंदूज वर्ल्ड' के लिए जानी जाती हैं। आरोप है कि रमना और उनके पति जगरलामुडी मधुकर ने लंदन में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर कई लोगों से बड़ी रकम ली। इस मामले में आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले के इब्राहिमपट्टनम पुलिस स्टेशन में रमना, उनके पति मधुकर और मधुकर के पिता मोहन राव के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी और ठगी से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है।

यह मामला ब्रिटेन में रहने वाले ममिलपल्ली शिवक्रांति कुमार की शिकायत के बाद सामने आया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ब्रिटेन का वीजा बढ़वाने, नौकरी दिलाने और सर्टिफिकेट ऑफ स्पॉन्सरशिप (सीओएस) हासिल करने के लिए कई किस्तों में करीब 15 लाख रुपए ट्रांसफर किए थे। आरोप है कि यह रकम डेस्टिनी कंसल्टेंसी से जुड़े बैंक अकाउंट में भेजी गई थी। इस कंसल्टेंसी का संबंध कथित तौर पर मधुकर और रमना से था।

शिकायत में आगे आरोप लगाया गया कि पैसे लेने के बाद भी वीजा सर्विस और नौकरी से जुड़ी मदद नहीं मिली। वहीं जो सीओएस डॉक्यूमेंट दिया गया, वह बाद में कथित तौर पर फर्जी निकला। इसके बाद उन्होंने अपनी रकम वापस लेने की कोशिश की और बार-बार मांग करने के बावजूद उन्हें सिर्फ 2 लाख रुपए लौटाए गए। बाकी रकम वापस नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

एफआईआर में जगरलामुडी मधुकर को पहला आरोपी, रमना नंदना को दूसरा आरोपी और मोहन राव को तीसरा आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीनों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। इसी वजह से सोमवार को जब रमना हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचीं तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

हालांकि, रमना नंदना ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने एक सार्वजनिक वीडियो जारी कर दावा किया कि न तो वह और न ही उनके पति कंसल्टेंसी के मालिक हैं और न ही उसे चलाते हैं। उनके नामों का गलत इस्तेमाल किया गया है। रमना ने इन आरोपों को निजी विवाद से जुड़ा एक टारगेटेड बदनामी कैंपेन बताया।

रमना और उनके पति ने इस मामले में हाई कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया है। दोनों ने अदालत में याचिका दायर कर अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की मांग की है।

रमना नंदना सिर्फ अपने यूट्यूब चैनल की वजह से ही चर्चा में नहीं रही हैं। उन्हें जनवरी 2026 में रिलीज हुई मेगास्टार चिरंजीवी की फिल्म 'मन शंकरा वर प्रसाद गारू' में भी खास कैमियो भूमिका में देखा गया था। फिल्म में चिरंजीवी के साथ नयनतारा भी नजर आई थीं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Sept 2026 7:49 PM IST

Tags

Next Story