भारत बनाम जिम्बाब्वे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पहली गेंद पर विकेट, मयंक यादव के नाम रिकॉर्ड
हरारे, 23 जुलाई (आईएएनएस)। तेज गेंदबाज मयंक यादव किसी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं। यह कारनामा मयंक ने गुरुवार को जिम्बाब्वे के विरुद्ध टी20 मैच के दौरान किया।
24 वर्षीय मयंक यादव ने मैच की पहली ही गेंद पर जिम्बाब्वे के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच आउट कराया। इसी के साथ मयंक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पहली गेंद पर विकेट हासिल करने वाले तीसरे भारतीय बन गए।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में अर्शदीप सिंह ने यूएसए के शायन जहांगीर को मैच की पहली ही गेंद पर अपना शिकार बनाया था। इसके बाद एशिया कप 2025 में हार्दिक पांड्या ने पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज सईम अयूब को मुकाबले की पहली गेंद पर पवेलियन लौटाया था।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम इंडिया में दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को डेब्यू का मौका दिया गया है। वहीं, जिम्बाब्वे की टीम 4 तेज गेंदबाज और एक स्पिनर के साथ मुकाबले में उतरी है। न्यूमैन न्यामुरी अपना टी20 डेब्यू कर रहे हैं।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, अशोक शर्मा और मयंक यादव के साथ इस मैच में उतरी है।
वहीं, जिम्बाब्वे की प्लेइंग इलेवन में ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), बेन करन, डायोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, वेस्ली मधेवेरे, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामुरी, रिचर्ड नगार और ब्लेसिंग मुजारबानी को मौका दिया गया है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने आयरलैंड दौरे पर 2 मुकाबलों की टी20 सीरीज 0-2 से गंवाई थी, जिसके बाद इंग्लैंड दौरे पर 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज में मेहमान टीम को 0-4 से हार का सामना करना पड़ा था। अय्यर बतौर कप्तान टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहली जीत दर्ज करने को बेकरार हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 July 2026 6:16 PM IST












