आईपीएल 2026 चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच फ्लेमिंग को उम्मीद, अगले मैच के लिए फिट हो जाएंगे ब्रेविस

बेंगलुरु, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। देवाल्ड ब्रेविस जल्द चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की ओर से खेलते नजर आ सकते हैं। सीएसके के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा है कि देवाल्ड ब्रेविस मैच के लिए तैयार होने से ज्यादा दूर नहीं हैं। उनका मानना है कि यह बल्लेबाज 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ घरेलू मैच के लिए उपलब्ध रहेगा।
रविवार को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मैच के दौरान फ्लेमिंग ने कहा, "हमें उम्मीद है कि वह (देवाल्ड ब्रेविस) अगले मुकाबले के लिए पूरी तरह ठीक हो जाएंगे। अगले मैच के बीच हमारे पास पांच दिन हैं। हम सावधानी बरत रहे हैं और उम्मीद है कि ये अगले पांच दिन हमारी योजना के मुताबिक ही गुजरेंगे। वह खेलने के लिए तैयार हो जाएंगे। पिछले मुकाबलों में उनकी गैरमौजूदगी एक बड़ा नुकसान है, लेकिन हम उन्हें वापस टीम में लाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"
देवाल्ड ब्रेविस आईपीएल 2025 में बतौर रिप्लेसमेंट खिलाड़ी चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हुए थे, लेकिन 6 पारियों में 180 की स्ट्राइक रेट के साथ 225 रन बनाकर टीम के लिए कीमती साबित हुए। उन्होंने 125 गेंदों में 17 छक्के लगाए थे। इसके बाद आईपीएल 2026 में फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन किया।
देवाल्ड ब्रेविस आईपीएल 2026 के शुरुआती 3 मैच साइड स्ट्रेन की वजह से नहीं खेल पाए थे। अब दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच से पहले टीम के पास पांच दिन का अंतराल है। ऐसे में फ्लेमिंग, ब्रेविस को वापस टीम में लाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने आरसीबी के खिलाफ मैच से एक दिन पहले ट्रेनिंग नहीं की थी, लेकिन मैच के दिन ब्रेविस को असिस्टेंट कोच राजीव कुमार की थ्रोडाउन गेंदों का सामना करते हुए देखा गया। इस दौरान उन्होंने ज्यादातर गेंदों को डिफेंस किया, लेकिन किसी भी तरह की कोई परेशानी महसूस नहीं की। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ फुटबॉल खेले।
इससे पहले, चेपॉक में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच से पूर्व, ब्रेविस ने मैच से एक दिन पहले साइड नेट्स पर बैटिंग की थी, लेकिन ज्यादातर थ्रोडाउन गेंदों का ही सामना किया। उन्होंने मैच के दिन फील्डिंग ड्रिल में भी हिस्सा लिया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 April 2026 11:24 PM IST










