झारखंडः चतरा में हाइवा से कुचलकर शख्स की मौत, 8 घंटे से सड़क जाम; मुआवजे की मांग

झारखंडः चतरा में हाइवा से कुचलकर शख्स की मौत, 8 घंटे से सड़क जाम; मुआवजे की मांग
झारखंड के चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार हाइवा ने सेवानिवृत्त सीसीएल कर्मी उरश लोहार उर्फ सुरेश को रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल उरश की रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई।

चतरा, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार हाइवा ने सेवानिवृत्त सीसीएल कर्मी उरश लोहार उर्फ सुरेश को रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल उरश की रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई।

इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पिपरवार में पिछले 8 घंटों से सड़क जाम कर रखा है, जिससे कोयलांचल क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। जानकारी के अनुसार, किचटो पंचायत निवासी उरश लोहार (पिता–रामधन लोहार) अपनी बाइक से बिलारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेंट्रल कोलफील्ड्स लि. की सीएचपी-सीपीपी परियोजना से कोयला अनलोड कर आम्रपाली की ओर जा रही हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें बचरा स्थित क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया। हालांकि, रिम्स पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने घटनास्थल के पास ही मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मृतक के परिजनों को 20 लाख रुपये मुआवजा देने, क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए 'नो-एंट्री' समय निर्धारित करने, वैकल्पिक मार्ग का निर्माण करने और ओवरलोडिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग पर अड़े हुए हैं। जाम के कारण मगध, संघमित्रा और आम्रपाली परियोजनाओं से कोयला ढुलाई पूरी तरह ठप हो गई है।

घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि कोयला ढुलाई में लगे हजारों हाइवा रोजाना मौत बनकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं, लेकिन न तो ट्रैफिक नियंत्रण की कोई व्यवस्था है और न ही प्रशासन सुरक्षा को लेकर गंभीर है।

ग्रामीणों के अनुसार, इस क्षेत्र में अब तक कोयला वाहनों से हुई दुर्घटनाओं में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, फिर भी सिस्टम बेपरवाह बना हुआ है। खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी है और प्रशासन व ग्रामीणों के बीच वार्ता का दौर चल रहा है। पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं, लेकिन ग्रामीण लिखित आश्वासन और मुआवजे की तत्काल अदायगी की मांग पर अड़े हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 April 2026 9:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story