झारखंड के राज्यपाल बोले- सीएम हेमंत सोरेन पर भरोसा रखें छात्र, वह समस्या का कर रहे समाधान
रांची, 9 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में जेपीएससी-जेएसएसी अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रविवार को छात्रों से कहा कि वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भरोसा रखें। वह एक-एक मुद्दे का समाधान निकालने को तत्पर हैं।
रांची में आदिवासी महोत्सव के मंच से राज्यपाल ने कहा कि बातचीत के जरिए छात्रों की समस्या का समाधान निकालने की कोशिश जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर है और इस मामले का समाधान संवाद के माध्यम से निकाला जाना चाहिए।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि इस समय छात्र जिस मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, उसके बारे में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले ही विस्तार से अपनी बात रख चुके हैं। उन्होंने छात्रों से मुख्यमंत्री की ओर से कही गई बातों पर भरोसा रखने की अपील की।
गंगवार ने कहा, 'मेरी सभी से अपील है कि मुख्यमंत्री ने जो कुछ भी कहा है, उस पर भरोसा रखें। हम अपने बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहते। बातचीत के जरिए इसका समाधान निकालें।'
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी इस मामले को लेकर काफी चिंतित हैं और छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार चर्चा कर रहे हैं। राज्यपाल ने भरोसा जताया कि बातचीत के बाद इस मुद्दे पर किसी समाधान तक पहुंचा जा सकेगा।
राज्यपाल ने कहा कि छात्रों के लिए संवाद के रास्ते खुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलन कर रहे छात्र जब चाहें, उनसे या मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सकते हैं और अपनी समस्याएं सीधे रख सकते हैं।
रांची में अभ्यर्थी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलन के बीच राज्यपाल की यह अपील ऐसे समय आई है, जब सरकार और अभ्यर्थियों के बीच बातचीत के जरिए गतिरोध खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और बातचीत के जरिए समाधान निकालना ही सबसे उचित रास्ता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Aug 2026 6:14 PM IST












