पवई पन्ना न्यूज: 1 घंटे की बारिश में कृष्णगढ़ जलमग्न,

1 घंटे की बारिश में कृष्णगढ़ जलमग्न,
पंचायत की लापरवाही ने बढ़ाई मुसीबत अधूरी नाली बनी आफत; मुख्य मार्ग पर घुटनों तक पानी, दर्जनों घरों में घुसा बारिश का पानी, चूल्हे तक डूबे

डिजिटल डेस्क पवई। शनिवार देर रात करीब एक घंटे की मूसलाधार बारिश ने ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ में जल निकासी के नाम पर किए गए इंतजामों की पोल खोल दी। मुख्य मार्ग पानी में डूब गया और हाईस्कूल के सामने घुटनों तक पानी भर गया। निचली बस्ती के दर्जनों घरों में पानी घुसने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हालात इतने खराब रहे कि कई घरों में चूल्हे तक डूब गए और परिवारों को दूसरे घरों में शरण लेनी पड़ी।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत ने नाली का निर्माण अधूरा छोड़ दिया और पानी की निकासी का रास्ता तक नहीं बनाया। पिछले 4-5 वर्षों से समस्या बनी होने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। बारिश आते ही सड़क से लेकर घरों तक पानी पहुंच जाता है। ग्रामीणों ने पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल जल निकासी और अधूरी नाली का काम पूरा कराने की मांग की है।

तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर देखा हाल

जलभराव की सूचना पर तहसीलदार पवई रत्नराशि पांडेय ने रविवार को कृष्णगढ़ पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जल निकासी को लेकर गांव में आपसी सहमति नहीं बन पाई है। वरिष्ठ अधिकारियों को समस्या से अवगत करा दिया गया है और जल्द समाधान कराया जाएगा।

तहसीलदार ने कहा, “मैंने स्वयं मौके का निरीक्षण किया है। जल निकासी को लेकर ग्राम में आपसी सहमति नहीं बन पाई है। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। शीघ्र ही समस्या का समाधान होगा।”


Created On :   9 Aug 2026 7:19 PM IST

Tags

Next Story