- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- सौ से ज्यादा व्यापारियों ने थाने...
Panna News: सौ से ज्यादा व्यापारियों ने थाने पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, चोरी की सही प्राथमिकी दर्ज करने और गश्त बढ़ाने की मांग

डिजिटल डेस्क,पन्ना। श्रीराम ज्वेलर्स में हुई चोरी के मामले में सही प्राथमिकी दर्ज कराने सहित कस्बे की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग को लेकर शनिवार को 100 से अधिक व्यापारी रैपुरा थाने पहुंचे। व्यापारियों ने पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के नाम ज्ञापन सौंपकर पुलिस व्यवस्था में सुधार और लंबित चोरी की घटनाओं के खुलासे की मांग की।
व्यापारियों ने मांग की कि श्रीराम ज्वेलर्स चोरी मामले में चोरी की वास्तविक राशि एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सही प्राथमिकी दर्ज की जाए। व्यापारियों का आरोप है कि चोरी की अनुमानित राशि करीब 15 लाख रुपए है, जबकि इसे कम राशि में दर्ज कराने का प्रयास किया जा रहा है। व्यापारियों ने निष्पक्ष जांच कर चोरी का पूरा खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
ज्ञापन में व्यापारियों ने रैपुरा में डायल-112 की नियमित एवं प्रभावी गश्त बढ़ाने की मांग की। साथ ही डायल-112 की गतिविधियों की निगरानी कर किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग रखी गई।
दो-तीन साल की चोरियों की जांच हो
व्यापारी संघ ने पिछले दो से तीन वर्षों में रैपुरा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं की समीक्षा कर लंबित मामलों की दोबारा जांच कराने और उनका शीघ्र खुलासा कराने की मांग की। इसके अलावा पुराने थाना परिसर की गतिविधियों की निगरानी के लिए वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
शिकायतकर्ता को पूछताछ के लिए घंटों बैठाने का आरोप
ज्ञापन के बाद श्रीराम ज्वेलर्स के संचालक एवं शिकायतकर्ता को पुलिस ने बयान के लिए करीब तीन से चार घंटे थाने में बैठाए रखा। शिकायतकर्ता के अनुसार वह डायबिटीज एवं ब्लड प्रेशर के मरीज हैं और उन्होंने दवा एवं भोजन के लिए घर जाने का आग्रह किया, लेकिन पूछताछ पूरी होने तक उन्हें रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया। बाद में घर पहुंचकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक पन्ना को फोन पर मामले की जानकारी दी।
व्यापारी संघ ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच, प्रभावी गश्त और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Created On :   8 Aug 2026 8:04 PM IST








