- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- बंदियों ने मिट्टी से गढ़े शिवलिंग;...
पवई न्यूज: बंदियों ने मिट्टी से गढ़े शिवलिंग; भक्ति में डूबा सब जेल पवई
डिजिटल डेस्क पवई पन्ना । आमतौर पर जहां जेल की चारदीवारी में अनुशासन और सख्ती का माहौल रहता है, वहीं श्रावण मास की एकादशी पर सब जेल पवई में भक्ति और आध्यात्मिकता का अनूठा दृश्य देखने को मिला। जेल परिसर में बंदियों ने मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग बनाए और भगवान शिव की आराधना की। मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। डॉ. रजनीश शास्त्री जी, गुरुदेव की गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में बंदियों ने श्रद्धापूर्वक पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया। इसके बाद भगवान आशुतोष का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान जेल परिसर ‘ॐ नमः शिवाय’ के पावन मंत्रोच्चार से गूंजता रहा। आध्यात्मिक चेतना और आत्मचिंतन का संदेश धार्मिक आयोजन का उद्देश्य बंदियों के भीतर आध्यात्मिक चेतना, आत्मशुद्धि, संयम, सदाचार और सकारात्मक जीवन मूल्यों का संचार करना रहा। श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना के माध्यम से बंदियों को आत्मचिंतन और सकारात्मक बदलाव की दिशा में प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जेलर अभिमन्यु पाण्डेय सहित जेल का अन्य स्टाफ मौजूद रहा। आयोजन के दौरान बंदियों ने श्रद्धा के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर शांति, संयम और सद्भाव का संदेश ग्रहण किया।
Created On :   9 Aug 2026 3:01 PM IST
Next Story











