झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन से लेकर 'वंदे मातरम' विवाद तक, मंत्री नरेंद्र कश्यप ने विपक्ष पर साधा निशाना

झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन से लेकर वंदे मातरम विवाद तक, मंत्री नरेंद्र कश्यप ने विपक्ष पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने झारखंड में छात्रों की परीक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन पर राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार को छात्रों की परीक्षा संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सीबीआई जांच का फैसला करना चाहिए था।

लखनऊ, 18 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने झारखंड में छात्रों की परीक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन पर राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार को छात्रों की परीक्षा संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सीबीआई जांच का फैसला करना चाहिए था।

लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में नरेंद्र कश्यप ने कहा कि लंबे समय से छात्र सड़कों पर हैं। जिनके हाथों में किताब और कलम होनी चाहिए, वे तख्तियां लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। यह दुखद घटना है।

उन्होंने विपक्षी नेताओं की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव इस मुद्दे पर मौन क्यों हैं। कश्यप ने कहा कि दिल्ली में नीट परीक्षा को लेकर विपक्ष ने धरना-प्रदर्शन कर मोदी सरकार पर सवाल उठाए थे। उन्हें रांची में छात्रों के समर्थन में आगे आकर अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए थी। विपक्षी दल दोहरा रवैया अपनाकर लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रहे हैं।

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने 'वंदे मातरम' को लेकर चल रहे विवाद में भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता देश और सरकार के फैसलों का विरोध करते हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत किसी राजनीतिक दल के सम्मान या अपमान का विषय नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं का 'वंदे मातरम' को लेकर रवैया देश की भावनाओं को आहत करने वाला है। कश्यप ने कहा कि 15 अगस्त को सामने आए एक वीडियो क्लिप को लेकर भी सवाल उठे हैं और उनके अनुसार 'वंदे मातरम' को सीमित करने का कोई भी संकेत तिरंगे और देश की आजादी के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है।

कश्यप ने सोनिया गांधी को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यह कटु सत्य है कि सोनिया गांधी का जन्म इटली में हुआ और उन्हें वहां के संस्कार मिले हैं और उन्हें भारत की राष्ट्रीय गरिमा, तिरंगे और राष्ट्रगीत के प्रति पर्याप्त सम्मान नहीं है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस मामले में उन्हें देश से माफी मांगने की सलाह दे चुके हैं। देश देख रहा है कि सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी पर राष्ट्रगीत के अपमान के आरोप लग रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रगीत को पूरा न गाना अपमान के रूप में देखा जा रहा है। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर कहा कि यह देश के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में, जिसकी आबादी 140 करोड़ से अधिक है, वहां वोटर आईडी और पहचान पत्र के माध्यम से चुनाव कराना निश्चित रूप से एक बड़ी चुनौती है, लेकिन भारत के चुनाव आयोग की प्रशंसा करनी होगी कि उसने इतने बड़े देश में पहचान पत्र आधारित चुनाव प्रणाली को विकसित कर चुनावों में पारदर्शिता लाने और लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया है।

कश्यप ने कहा कि भारत की चुनावी प्रक्रिया पर ट्रंप द्वारा खुशी जाहिर किया जाना देश के लिए गर्व की बात है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 Aug 2026 2:47 PM IST

Tags

Next Story