शहडोल न्यूज: कुर्सी न मिलने से नाराज पंचों ने सम्मेलन का किया बहिष्कार, कलेक्ट्रेट में धरना

मांग रखी कि दोषियों पर कार्रवाई की जाए
डिजिटल डेस्क शहडोल कलेक्टर कार्यालय से महज 20 मीटर की दूरी पर स्थित सोहागपुर जनपद सभागार में सोमवार दोपहर ढाई बजे जिलेभर से आए पंच, सरपंच और उपसरपंचों ने वीबी जी राम जी (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण) के तहत जिला स्तरीय पंच सम्मेलन का बहिष्कार कर दिया। आरोप लगाया कि अधिकारियों ने पंच सम्मेलन के नाम जिलेभर से बुलवा तो लिया गया पर यहां बैठने तक का इंतजाम नहीं है। कार्यक्रम के दौरान एक ओर मंच से संचालन चल रहा था तो दूसरी ओर बैठने की जगह नहीं मिलने से परेशान उपसरपंच विरोध में नारे लगा रहे थे। थोड़ी देर बाद सभी पंच एक साथ उठे और पूरे कार्यक्रम को जनप्रतिनिधियों का अपमान बताते हुए कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हो गए। यहां दोपहर 2.50 बजे से गेट के सामने नारे लगाना शुरू किया। पहले गेट पर डिप्टी कलेक्टर अंतोनिया एक्का आईं तो उन्हे समस्या बताया। उनके अश्वासन पर नहीं माने और अंदर मुख्य गेट तक आकर धरने पर बैठ गए। यहां अपर कलेक्टर सरोधन सिंह दो बार आए और समझाइश दी पर नहीं माने। सभी पंच कलेक्टर के आने की मांग पर अड़ रहे। दोपहर 3.45 बजे कलेक्टर पार्थ जायसवाल पहुंचे और सभी पंच व उपसरपंचों ने कलेक्टर को बताया कि जिलेभर से पंचों को बुलाकर बिना उचित व्यवस्था के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह जनप्रतिनिधियों का अपमान है। मांग रखी कि दोषियों पर कार्रवाई की जाए। कलेक्टर पार्थ जायसवाल द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद दोपहर 3.50 बजे धरना समाप्त हुआ। अधिकारियों की गैर मौजूदगी पर नाराज विधायक मंच से चलीं गईं जिला पंचायत द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने पहुंचीं जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह ने देखा कि कार्यक्रम में एक भी अधिकारी मौजूद नहीं हैं। इस पर विधायक नाराज हो गईं और मंच से उपस्थितजनों को संबोधित करने के बजाय मंच छोडक़र चलीं गईं। विधायक ने गुस्सा भरे अंदाज में कहा कि जिलेभर से पंच, उप सरपंच व सरपंचों को बुलाकर एक भी अधिकारी नहीं हैं यह ठीक बात नहीं है। इस दौरान पंचों ने बताया कि एक ओर जनपद सभागार में कार्यक्रम चल रहा था, दूसरी ओर बगल में ही जिला पंचायत सीइओ शिवम प्रजापति कार्यक्रम स्थल पर आने के बजाए अपने चेंबर में बैठे रहे।

Created On :   18 Aug 2026 5:13 PM IST

Tags

Next Story