झारखंडः सीएम के संज्ञान पर आदिवासी महिला से मारपीट के मामले में थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

झारखंडः सीएम के संज्ञान पर आदिवासी महिला से मारपीट के मामले में थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित
झारखंड के लातेहार में आदिवासी महिला पुनिया देवी के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में बारियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास और निजी चालक चंद्रदेव ठाकुर समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

रांची, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के लातेहार में आदिवासी महिला पुनिया देवी के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में बारियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास और निजी चालक चंद्रदेव ठाकुर समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संज्ञान लेने के बाद यह कार्रवाई की गई है। महिला ने 8 अक्टूबर को लातेहार के पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों पर मारपीट, गाली-गलौज तथा दुर्व्यवहार के आरोप लगाए थे।

पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कहा कि उन्हें महिला का आवेदन मिला है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी। मामला बारियातू थाना क्षेत्र का है। पुनिया देवी के अनुसार, 5 अक्टूबर को वह गांव के पास बकरी चरा रही थीं। इसी दौरान सादे कपड़ों में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उन्हें पोस्ता की खेती से जुड़ा होने का आरोप लगाते हुए कथित तौर पर गाली-गलौज की और मारपीट की।

महिला ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उन्हें अपने साथ ले गए और रास्ते में भी उनके साथ मारपीट की। आवेदन में महिला ने थाने में प्रताड़ित करने, जातिसूचक गालियां देने और यौन दुर्व्यवहार के आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घर में बेटी की शादी के लिए रखे 80 हजार रुपये ले लिए गए।

महिला के मुताबिक, उन्हें 6 अक्टूबर की रात थाने से छोड़ा गया। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को बगनदी महुआ के पास पोस्ता की बरामदगी के लिए छापेमारी की गई थी।

इसी घटनाक्रम से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है। झारखंड जनाधिकार महासभा की ओर से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मामला उठाए जाने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लातेहार पुलिस को तत्काल जांच और उचित कार्रवाई का निर्देश दिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा था कि ऐसी स्थिति स्वीकार्य नहीं है। मामले की जांच के लिए बालूमाथ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और एक महिला पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में जांच दल गठित किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Oct 2026 10:48 PM IST

Tags

Next Story