कंगना रनौत के बयान पर विरोध तेज, लखनऊ में एफआईआर की मांग को लेकर थाने पहुंचीं महिला कांग्रेस नेता

कंगना रनौत के बयान पर विरोध तेज, लखनऊ में एफआईआर की मांग को लेकर थाने पहुंचीं महिला कांग्रेस नेता
भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के विवादित बयान को लेकर कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर अनामिका यादव ने शनिवार को राजधानी के हुसैनगंज थाने में तहरीर देकर कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

लखनऊ, 1 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के विवादित बयान को लेकर कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर अनामिका यादव ने शनिवार को राजधानी के हुसैनगंज थाने में तहरीर देकर कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

कांग्रेस का आरोप है कि उनका बयान छात्रों, युवाओं, महिलाओं और नई पीढ़ी का सामूहिक अपमान करने वाला है तथा इससे सामाजिक वैमनस्य फैलने की आशंका है। अनामिका यादव ने हुसैनगंज थानाध्यक्ष को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि 30 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के संदर्भ में कंगना रनौत द्वारा दिया गया सार्वजनिक बयान विभिन्न समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ।

उन्होंने आरोप लगाया कि बयान में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं, युवाओं और महिलाओं के लिए अपमानजनक टिप्पणियां की गईं तथा नई पीढ़ी और उनके अभिभावकों के प्रति भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि इस प्रकार का बयान केवल प्रदर्शनकारियों का नहीं, बल्कि देश की नई पीढ़ी, महिलाओं, युवाओं और उनके परिवारों का भी अपमान है। उनका कहना है कि ऐसे सार्वजनिक वक्तव्य समाज में आक्रोश, वैमनस्य और अशांति का माहौल पैदा कर सकते हैं तथा करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं।

तहरीर में कंगना रनौत के बयान की निष्पक्ष जांच कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। साथ ही बयान से जुड़े मूल वीडियो, ऑडियो और सोशल मीडिया पोस्ट को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर विधिसम्मत कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

अनामिका यादव ने कहा कि समाज की नई पीढ़ी, छात्र-छात्राओं और महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और इस प्रकरण में निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 Aug 2026 5:37 PM IST

Tags

Next Story