कथित शराब घोटाले मामले में सीबीआई की याचिका पर हाईकोर्ट में 6 अप्रैल को होगी सुनवाई
नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। कथित शराब घोटाले मामले में अरविंद केजरीवाल समेत अन्य कई लोगों के निचली अदालत से आरोपमुक्त किए जाने के फैसले के खिलाफ सीबीआई की दाखिल याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट सोमवार सुनवाई करेगा। आम आदमी पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत अन्य लोग सुनवाई कर रही जज जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के समक्ष रिक्यूजल की मांग करेंगे।
बता दें कि कानूनी भाषा में रिक्यूजल का मतलब है कि मामले की सुनवाई से किसी जज का अलग होना। आम आदमी पार्टी के सूत्रों मुताबिक, अरविंद केजरीवाल खुद कोर्ट में पेश होकर अपनी दलील रखेंगे।
अरविंद केजरीवाल समेत अन्य लोगों ने पहले भी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मामले को दूसरी बेंच में ट्रांसफर की मांग की थी। जिसे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने ठुकरा दिया था। हालांकि, बेंच बदलने की मांग पर केजरीवाल और अन्य आरोपियों ने सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दाखिल कर की है।
बता दें कि दिल्ली आबकारी नीति मामले में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत 23 को बरी किए जाने को चुनौती देने वाली सीबीआई की याचिका पर 9 मार्च को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई थी। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा था कि यह राष्ट्रीय राजधानी के सबसे बड़े घोटालों में से एक है। वैज्ञानिक जांच की गई और साजिश के हर पहलू को साबित किया गया है। उन्होंने कहा था कि यह भ्रष्टाचार का स्पष्ट मामला है। रिश्वत देने, लेने, स्वीकार करने और इस्तेमाल करने का स्पष्ट मामला है।
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा था कि हवाला के माध्यम से कई किश्तों में पैसा ट्रांसफर किया गया था। सभी प्रमुख गवाहों से मजिस्ट्रेट के सामने पूछताछ की गई और 164 के तहत बयान दर्ज किए गए। मामले में ऐसे गवाह हैं जो स्पष्ट रूप से बताते हैं कि साजिश कैसे रची गई, रिश्वत कैसे दी गई और किसे दी गई। उन्होंने कहा था कि हमारे पास ईमेल और व्हाट्सएप चैट हैं। यह कोई मनगढ़ंत बात नहीं है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 April 2026 11:00 PM IST











