केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल तो तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान, 4 मई को मतगणना
नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग ने केरल, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा की है। इसे लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के अनुसार, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में एक चरण में वोटिंग होगी। केरल और पुडुचेरी में एक ही दिन, 9 अप्रैल, को वोट डाले जाएंगे, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा। तीनों राज्यों में वोटों की गिनती 4 मई को होगी। साथ ही चुनाव आयोग सभी मतदान केंद्रों के लिए 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग उपलब्ध कराएगा।
अगर तीनों राज्यों की विधानसभा सीटों की बात करें तो केरल में 140, तमिलनाडु में 234 और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में 30 सीटें हैं, जहां अगले महीने चुनाव हैं। तीनों राज्यों में मतदान के लिए चुनाव आयोग ने तैयारी पूरी कर ली है।
केरल में कुल मतदाता 2.70 करोड़ हैं, जिनमें पुरुष 1.31 करोड़, महिला 1.38 करोड़ और थर्ड जेंडर 277 मतदाता हैं। 20 से 29 साल की आयु वाले मतदाता 45 लाख हैं, जबकि 18 से 19 की आयु वाले मतदाता 4.24 लाख हैं। पुडुचेरी में कुल मतदाता 9.44 लाख हैं, जिनमें 4.43 लाख पुरुष, 5 लाख महिला और 139 थर्ड जेंडर वोटर हैं।
अगर तमिलनाडु के मतदाताओं की बात करें तो कुल संख्या 5.67 करोड़ है। पुरुष मतदाता 2.77 करोड़, महिला मतदाता 2.89 और थर्ड जेंडर मतदाता 7617 हैं।
वहीं, चुनाव आयोग के अनुसार, पश्चिम बंगाल में 6.44 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें पुरुष मतदाता 3.28 करोड़, महिला मतदाता 3.16 करोड़ और थर्ड जेंडर 1152 मतदाता हैं। अगर फर्स्ट-टाइम वोटर (18-19 साल) की बात करें तो उनकी संख्या 5.23 लाख है। 20 से 29 वर्ष आयु वर्ग के वोटरों की संख्या 1.31 करोड़ है। 85 साल से अधिक उम्र वाले मतदाता 3.79 लाख हैं। दिव्यांग वोटरों की संख्या 4.16 लाख है। ईवीएम को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 9 अपैल को मतगणना होगी, जबकि नतीजे सभी राज्यों के एक साथ 4 मई को सामने आएंगे। सीईसी ज्ञानेश कुमार ने असम चुनाव के लिए प्रमुख तारीखों की घोषणा करते हुए बताया कि गजट अधिसूचना जारी करने की तारीख 16 मार्च 2026 (सोमवार) को होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च 2026 (सोमवार) है। नामांकनों की जांच 24 मार्च 2026 को की जाएगी। उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च 2026 (गुरुवार) होगी। मतदान 9 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को होगा। मतगणना 4 मई 2026 (सोमवार) को होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 March 2026 5:12 PM IST












