केशव प्रसाद मौर्य का विपक्ष पर हमला, नारी शक्ति वंदन पर गांव-गांव की मुहर

केशव प्रसाद मौर्य का विपक्ष पर हमला, नारी शक्ति वंदन पर गांव-गांव की मुहर
उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को विधान परिषद में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 77 प्रतिशत से अधिक ग्राम पंचायतों और 81 प्रतिशत विकास खंडों ने इस अधिनियम के समर्थन में प्रस्ताव पारित किए हैं, जो ग्रामीण स्तर पर इसके व्यापक समर्थन का प्रमाण है।

लखनऊ, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को विधान परिषद में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 77 प्रतिशत से अधिक ग्राम पंचायतों और 81 प्रतिशत विकास खंडों ने इस अधिनियम के समर्थन में प्रस्ताव पारित किए हैं, जो ग्रामीण स्तर पर इसके व्यापक समर्थन का प्रमाण है।

उपमुख्यमंत्री ने सदन में बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 57,694 ग्राम पंचायतों में से 44,968 (77.94 प्रतिशत) और 826 विकास खंडों में से 671 (81 प्रतिशत) ने इसके समर्थन में प्रस्ताव पारित किए हैं। इसके अलावा 75 में से 63 जिला पंचायतों ने भी इस अधिनियम का स्वागत किया है।

मौर्य ने कहा कि भाजपा ही महिलाओं और पिछड़े वर्गों की वास्तविक हितैषी है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जातीय जनगणना का निर्णय भाजपा सरकार का है, जबकि विपक्ष केवल पिछड़ों के हितैषी होने का दिखावा कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया, नीट परीक्षा में ओबीसी आरक्षण लागू किया और क्रीमी लेयर की सीमा बढ़ाकर 8 लाख रुपए की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा धर्म के आधार पर आरक्षण के पक्ष में नहीं है और विपक्ष पर ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ करने का आरोप लगाया। पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए मौर्य ने कहा कि उस समय प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और लोग भय के माहौल में जीते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में अपराधियों को संरक्षण मिलता था, जबकि वर्तमान सरकार में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।

मौर्य ने कहा कि अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई और अब प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार के कार्यकाल में अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़ चुके हैं। भाजपा की समावेशी राजनीति का जिक्र करते हुए, उन्होंने बताया कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पार्टी ने बड़ी संख्या में ओबीसी और महिला उम्मीदवारों को मौका दिया, जिनमें से कई विजयी हुए।

उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के शीर्ष पदों पर विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व भाजपा की समावेशी सोच को दर्शाता है। मौर्य ने विपक्ष पर परिवारवाद और वोट-बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश अब ‘नारी शक्ति’ और ‘विकास’ के एजेंडे पर आगे बढ़ रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 April 2026 11:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story