खल्लारी माता मंदिर निसंतान दंपति की झोली भरती है मां, महाभारत काल से जुड़ा है इतिहास

खल्लारी माता मंदिर  निसंतान दंपति की झोली भरती है मां, महाभारत काल से जुड़ा है इतिहास
देशभर में कई शक्तिपीठ और सिद्धपीठ मां जगदम्बा के मंदिर के रूप में मौजूद हैं, जहां भक्त अपने कष्टों से मुक्ति के लिए आते हैं। छत्तीसगढ़ के महासमुन्द की पहाड़ी पर ऐसा प्रसिद्ध और चमत्कारी मंदिर है, जहां निसंतान दंपति को संतान सुख मिलता है।

नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। देशभर में कई शक्तिपीठ और सिद्धपीठ मां जगदम्बा के मंदिर के रूप में मौजूद हैं, जहां भक्त अपने कष्टों से मुक्ति के लिए आते हैं। छत्तीसगढ़ के महासमुन्द की पहाड़ी पर ऐसा प्रसिद्ध और चमत्कारी मंदिर है, जहां निसंतान दंपति को संतान सुख मिलता है।

इस मंदिर का जुड़ाव महाभारत काल से है और आज भी मंदिर के आसपास पराक्रमी भीम के होने के चिन्ह मौजूद हैं। हम बात कर रहे हैं खल्‍लारी माता मंदिर की।

महासमुन्द से 25 किमी दक्षिण की ओर खल्लारी गांव की पहाड़ी के शीर्ष पर मां का मंदिर है। पहाड़ पर होने की वजह से भक्तों को मां के दर्शन के लिए कठिन चढ़ाई करनी पड़ती है, हालांकि अब रोप-वे की सुविधा उपलब्ध है। मंदिर तक पहुंचने के लिए भक्तों को 800 से अधिक सीढ़ियां चढ़कर जाना होता है। मंदिर तक पहुंचने का रास्ता प्राकृतिक नजारे से भरा है। पहाड़ पर होने के कारण मंदिर के आसपास का नजारा मन को मोह लेने वाला है।

इस मंदिर का इतिहास महाभारत काल से जुड़ा है। पौराणिक कथाओं की मानें तो इसी स्थान पर भीम ने हिडिंब का वध किया था और माता कुंती के कहने पर राक्षस हिडिंब की बहन हिडिंबा से विवाह किया था।

इसी जगह पर भीम ने अज्ञातवास में कई दिनों तक विश्राम भी किया था। इसके साक्ष्य आज भी मंदिर की पहाड़ी पर मौजूद हैं। पहाड़ी की चोटी पर भीम के विशाल पदचिन्ह हैं। इसके अलावा पहाड़ी के पास ही भीम चूल्हा और भीम की नाव भी मौजूद है। यही कारण है कि इस स्थान को भीम खोज के नाम से भी जाना जाता है।

खल्लारी दशकों पहले हैहयवंश के राजा ब्रह्मदेव की राजधानी थी। उन्होंने ही मंदिर के निर्माण कार्य शुरू करवाया था। मंदिर की पौराणिक कथा की बात करें तो स्थानीय लोगों का मानना है कि मां जगदम्बा कन्या रूप में खल्लारी में लगने वाले बाजार में विचरण करने आती थीं। एक दिन एक बंजारा मां की सुंदरता पर मोहित हो उठा और उनके पीछे-पीछे पहाड़ की चोटी तक पहुंच गया। मां ने क्रोधित होकर बंजारे को पत्थर बना दिया और पहाड़ी पर खल्लारी मां के नाम से विराजमान हुईं।

प्रतिवर्ष चैत्र नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ इस दुर्गम पहाड़ी पर स्थित मंदिर में दर्शन के लिए आती है। हर साल चैत्र मास की पूर्णिमा के अवसर पर वार्षिक मेले का आयोजन किया जाता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 April 2026 10:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story