किसानों से किए वादों से मुकर रही मध्य प्रदेश सरकार कमलनाथ
भोपाल, 4 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्य सरकार पर किसानों के साथ किए गए वादों से मुकरने का आरोप लगाया है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि वादा करना और वादे से मुकर जाना भाजपा की पहचान है। पिछले हफ्ते मध्य प्रदेश के किसानों ने सीएम आवास का घेराव और भोपाल की सड़कों पर दो दिन तक धरना-प्रदर्शन किया था। उस समय भाजपा सरकार ने किसानों से वादा किया था कि कुल उपज की 60 प्रतिशत मूंग खरीद ली जाएगी। यह भी वादा किया गया था कि किसानों को खाद मिलने में दिक्कत नहीं आएगी, लेकिन चार दिन भी नहीं गुजरे कि मध्य प्रदेश में फिर वही स्थिति हो गई है।
उन्होंने कहा कि किसान खाद के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। स्थिति यह है कि खाद की लाइन में लगी एक महिला बेहोश होकर गिर पड़ी। इसी तरह मूंग खरीद का वादा भी झूठा साबित हो रहा है। किसानों के आक्रोश को दबाने के लिए झूठे वादे करने से गुस्सा खत्म नहीं होता, बल्कि नाराजगी और ज्यादा बढ़ जाती है।
कमलनाथ ने अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि किसानों को मेरी 15 महीने की सरकार भी याद है, जब 27 लाख किसानों का कर्ज माफ कर दिया गया था। फसल को नुकसान होने पर ऑन स्पॉट मुआवजे की घोषणा हुई थी और किसानों की हर मांग पर पूरी गंभीरता से अमल किया गया था। आज भाजपा की सरकार में सारी तस्वीर उल्टी हो गई है और किसानों को हर स्तर पर परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि वह किसानों से किया गया हर वादा तुरंत पूरा करें। किसानों को दोबारा आंदोलन करने के लिए विवश न करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Aug 2026 7:35 PM IST












