फिलीपींस में सैनिकों और विद्रोहियों के बीच मुठभेड़, तीन एनपीए सदस्‍य ढेर

फिलीपींस में सैनिकों और विद्रोहियों के बीच मुठभेड़, तीन एनपीए सदस्‍य ढेर
फिलीपींस के उत्तरी हिस्से के अब्रा प्रांत में मंगलवार को सैनिकों और विद्रोहियों के बीच हुई मुठभेड़ में न्यू पीपल्स आर्मी (एनपीए) के तीन सदस्य मारे गए।

मनीला, 4 अगस्त (आईएएनएस)। फिलीपींस के उत्तरी हिस्से के अब्रा प्रांत में मंगलवार को सैनिकों और विद्रोहियों के बीच हुई मुठभेड़ में न्यू पीपल्स आर्मी (एनपीए) के तीन सदस्य मारे गए।

अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में तलाश अभियान के दौरान सैनिकों का सामना करीब दस संदिग्ध एनपीए सदस्यों से हुआ। इसके बाद हुई मुठभेड़ में तीन संदिग्ध विद्रोही मारे गए।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, सैनिकों ने बाद में उनके शव बरामद किए और साथ ही तीन अत्याधुनिक हथियार भी जब्त किए।

स्थानीय प्रशासन और सेना ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत अधिकारियों को देने की अपील की है। क्षेत्र में सुरक्षा अभियान अभी जारी है।

इससे पहले, 30 जुलाई को मध्य फिलीपींस के ओरिएंटल मिंडोरो प्रांत में सेना और एनपीए के सदस्यों के बीच हुई मुठभेड़ में दो विद्रोही मारे गए थे, जबकि एक को गिरफ्तार कर लिया गया था।

सेना के अनुसार, स्थानीय लोगों ने इलाके में हथियारबंद समूह की मौजूदगी की सूचना दी थी, जिसके बाद अभियान चलाया गया। इसी दौरान सैनिकों और करीब 10 संदिग्ध एनपीए सदस्यों के बीच गोलीबारी हुई। बाद में बाकी विद्रोही वहां से भाग निकले, जिसके बाद उनका पीछा करने के लिए अभियान शुरू किया गया।

सेना ने बताया कि मौके से कई चीजें बरामद की गईं, जिनमें देसी विस्फोटक (आईईडी) बनाने में इस्तेमाल होने वाले सामान भी शामिल हैं।

30 जुलाई को दक्षिणी फिलीपींस के कोटाबाटो प्रांत में एक उग्रवादी समूह और हथियारबंद किसानों के बीच हुई झड़प के दौरान गोलीबारी की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

एक स्थानीय सैन्य अधिकारी ने बताया कि संघर्ष के कारण कम से कम 100 परिवारों को अपना घर छोड़ना पड़ा और उन्हें राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि यह झड़प मोरो इस्लामिक लिबरेशन फ्रंट और किसानों के बीच लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद से जुड़ी हो सकती है।

सेना ने कहा है कि अभी यह जांच की जा रही है कि गोलीबारी की शुरुआत किस पक्ष ने की थी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मृत और घायल हुए लोग दोनों समूहों के सदस्य थे या नहीं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Aug 2026 7:35 PM IST

Tags

Next Story