कोलकाता अरसलान रेस्टोरेंट में फूड सेफ्टी अधिकारियों की जांच, सीओओ ने कार्रवाई को सकारात्मक बताया
कोलकाता, 9 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सक्रियता के बीच कोलकाता के होटल और रेस्टोरेंट्स में फूड सेफ्टी अधिकारियों की जांच जारी है। इसी क्रम में मशहूर अरसलान रेस्टोरेंट एंड कैटरर के तीन आउटलेट्स में भी फूड सेफ्टी अधिकारियों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। कंपनी के सीओओ हमजा अहसान ने अधिकारियों की कार्रवाई को सकारात्मक बताते हुए कहा कि इससे रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों को बेहतर तरीके से समझने और लागू करने में मदद मिलती है।
हमजा अहसान ने बताया कि फूड सेफ्टी अधिकारी उनके तीन रेस्टोरेंट्स में पहुंचे थे। इस दौरान अधिकारियों ने प्रोटोकॉल और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मानकों को लेकर मार्गदर्शन दिया। रेस्टोरेंट अपनी ओर से निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करता है, लेकिन अधिकारियों की ओर से मौके पर दी गई अतिरिक्त जानकारी और सुझाव उपयोगी रहे। ऐसी जांच और मार्गदर्शन की प्रक्रिया नियमित रूप से होनी चाहिए, क्योंकि इससे खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों को अपनी व्यवस्थाओं में सुधार करने और नियमों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलता है।
हमजा अहसान ने फूड सेफ्टी अधिकारियों की विशेषज्ञता का उल्लेख करते हुए कहा कि वे विशेष रूप से इसी क्षेत्र के लिए जिम्मेदार हैं, इसलिए उनकी ओर से दिया गया मार्गदर्शन रेस्टोरेंट्स के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने सरकार की पहल को भी सकारात्मक बताया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन होटल या रेस्टोरेंट्स के लाइसेंस रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई है, उनमें उनके रेस्टोरेंट का नाम शामिल नहीं है।
उन्होंने कहा कि उनके सभी आउटलेट खुले हुए हैं। इनमें से एक आउटलेट में फिलहाल मेंटेनेंस का काम चल रहा है, जबकि बाकी सभी आउटलेट सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। कंपनी को फूड सेफ्टी अधिकारियों की ओर से कोई नोटिस भी नहीं मिला है और न ही कोई नोटिस सर्व किया गया है।
जांच के दौरान किसी खाद्य पदार्थ को लेकर सवाल उठने के संबंध में हमजा अहसान ने कहा कि फिलहाल उनके रेस्टोरेंट में ऐसी कोई समस्या नहीं पाई गई है। उन्होंने एक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि जिस चीज को खराब या सड़ा हुआ समझा गया था, वह वास्तव में अचार था। उन्होंने दावा किया कि उनके किसी आउटलेट में स्टेल चिकन या स्टेल मीट नहीं पाया गया। वहीं, साफ-सफाई को लेकर उन्होंने कहा कि जांच के दौरान उनके रेस्टोरेंट में गंदगी, मच्छर या मक्खी जैसी कोई समस्या नहीं मिली।
अहसान ने आगे कहा कि फूड सेफ्टी अधिकारियों का निरीक्षण रेस्टोरेंट कारोबार के लिए केवल जांच की प्रक्रिया नहीं, बल्कि खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों को बेहतर बनाने का अवसर भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसी कार्रवाई नियमित रूप से होती रहेगी, जिससे ग्राहकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Sept 2026 10:34 PM IST












