कृषि परंपरा भारतीय संस्कृति और जीवन पद्धति का मूल आधार सीएम मोहन यादव
जबलपुर, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि भारत की कृषि परंपरा हजारों वर्षों पुरानी है तथा कृषि केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन पद्धति का मूल आधार है।
सीएम मोहन यादव ने जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर में आयोजित कृषि मंथन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश कृषि, परंपरा, वैज्ञानिक अनुसंधान और आधुनिक तकनीक के समन्वय से देश में कृषि विकास का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। किसानों की मेहनत, कृषि वैज्ञानिकों के शोध और सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश ने दलहन, तिलहन और खाद्यान्न उत्पादन में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान अब एक फसल से आगे बढ़कर दो एवं तीन फसली कृषि प्रणाली अपनाते हुए नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। ड्रोन तकनीक, उन्नत कृषि यंत्र, प्राकृतिक खेती मॉडल, उन्नत बीज एवं प्रसंस्करण आधारित नवाचारों से कृषि का स्वरूप बदल रहा है।
सीएम ने कहा कि भारत की कृषि परंपरा हजारों वर्षों पुरानी है तथा कृषि केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन पद्धति का मूल आधार है। ऋषि-मुनियों द्वारा विकसित कृषि ज्ञान आज भी प्रासंगिक है और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ उसका समन्वय आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि कृषि के प्रति सम्मान भारतीय जीवन दर्शन में सदैव विद्यमान रहा है। प्राचीन भीमबेटका शैलाश्रय में भी इसका उल्लेख मिलता है। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने नदी जोड़ो परियोजना का संकल्प लिया था। उनके इस संकल्प को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मूर्त रूप दिया जा रहा है। नर्मदा जल के समुचित उपयोग तथा सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार से मध्य प्रदेश की कृषि उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री माेहन यादव ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना वर्तमान समय की आवश्यकता है। मध्य प्रदेश में प्राकृतिक खेती में देश का अग्रणी राज्य है और इसका क्षेत्र निरंतर बढ़ रहा है। सरकार द्वारा कोदो-कुटकी तथा रागी जैसे मोटे अनाजों के उत्पादन और उपार्जन को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो रहा है तथा पोषणयुक्त कृषि को बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि उज्जैन के महाकाल मंदिर में प्रसाद के रूप में रागी के लड्डू का वितरण किया जा रहा है। प्रदेश में भावांतर योजना अंतर्गत सरसों की खरीदी की जा रही है। गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है और किसानों को गेहूं का दाम 2700 रुपये प्रति क्विंटल तक दिलाने का संकल्प लिया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पशुपालन को कृषि का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि राज्य में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार ने दुग्ध उत्पादन को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। साथ ही, बच्चों के पोषण को ध्यान में रखते हुए शासकीय स्कूलों में कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चों के लिए नि:शुल्क दूध वितरण की योजना भी लागू की जा रही है।
उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन सहित कुल 23 करोड़ 21 लाख रुपए की लागत से निर्मित विभिन्न इकाइयों का लोकार्पण किया। साथ ही “जवाहर चारा डिजिटल स्कैनर” एवं कृषि अनुसंधान ट्रैकिंग एप का भी विमोचन किया। 13 करोड़ रुपये की लागत से बने नवीन प्रशासनिक भवन को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी प्रशासनिक भवन के नाम से जाना जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 April 2026 6:46 PM IST












