लाठी-गोली से हमें रोक नहीं सकते, जनवरी-फरवरी तक देश में होगा बड़ा बदलाव संजय राउत
मुंबई, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा कि विरोध प्रदर्शन को लाठी या ताकत से नहीं रोका जा सकता। उन्होंने कहा कि युवाओं को डराया नहीं जा सकता, चाहे लाठी चलाई जाए या गोली।
मुंबई में मीडिया से बात करते हुए संजय राउत ने कहा, "चाहे लाठी हो, गोली हो या बंदूक, आप हमें रोक नहीं सकते। आपने कल जंतर मंतर पर जो हुआ देखा और मुंबई में स्थिति देखी। इतनी तानाशाही थी, फिर भी युवा एकजुट हुए। लोगों ने गिरफ्तारियां दी और जेल गए। लोगों ने पुलिस का सामना किया। लाठी क्या कर सकती है? आगे बढ़ो और गोलियां चलाओ। आपने गोलियां चलाई हैं और पैलेट गन का भी इस्तेमाल किया है, लेकिन लोग नहीं रुकते। अब प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को जाना होगा। जनवरी और फरवरी तक देश में बड़े बदलाव होने वाले हैं।"
बता दें कि मुंबई के शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके की अगुवाई में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था।
इस प्रदर्शन की मुख्य मांग सीजेपी द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, विशेषकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण और पारदर्शिता पर सवाल उठाना था।
मुंबई पुलिस ने सुरक्षा, ट्रैफिक और साइलेंस जोन होने के कारण शिवाजी पार्क में इस प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था, फिर भी भारी संख्या में समर्थक वहां एकत्र हुए थे। इसी को लेकर संजय राउत ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया है।
वहीं दूसरी ओर, संजय राउत ने कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की है। उन्होंने कहा, "यह अच्छी बात है। कैप्टन स्मित मच्छार ने बहुत अच्छा काम किया है। उन्होंने एक बहादुर व्यक्ति का काम किया है। जमीन से करीब 35,000 फीट ऊपर ऐसा फैसला लेना और आतंकवादी से लड़ना बहुत बड़ी बात है। वह एक भारतीय हैं, किसी खास राज्य से ताल्लुक रखने वाले नहीं हैं।"
संजय राउत ने कहा कि कैप्टन का यह साहस पूरे देश के लिए गर्व की बात है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Oct 2026 2:25 PM IST












