महाराष्ट्र एमएलसी चुनाव के लिए भाजपा ने किया उम्मीदवारों का ऐलान, पुणे-नागपुर की तीन सीटों पर नाम तय

महाराष्ट्र  एमएलसी चुनाव के लिए भाजपा ने किया उम्मीदवारों का ऐलान, पुणे-नागपुर की तीन सीटों पर नाम तय
महाराष्ट्र विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। भाजपा केंद्रीय कार्यालय 6ए, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, नई दिल्ली से दिनांक 4 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस बात की जानकारी दी गई।

नई दिल्ली/मुंबई, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। भाजपा केंद्रीय कार्यालय 6ए, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, नई दिल्ली से दिनांक 4 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस बात की जानकारी दी गई।

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने महाराष्ट्र में होने वाले स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए तीन नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। यह प्रेस विज्ञप्ति सांसद (राज्यसभा) एवं राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुघ द्वारा जारी की गई है।

पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए पुणे स्नातक सीट से डॉ. स्मिता योगेश जाधव को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा नागपुर स्नातक सीट से सुधाकर विट्ठलराव कोहले को टिकट दिया गया है। वहीं, पुणे शिक्षक सीट से कौस्तुभ मुरलीधर गावडे चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा ने इस बार स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के बीच पकड़ रखने वाले चेहरों पर दांव लगाया है। पुणे स्नातक सीट से डॉ. स्मिता जाधव शिक्षित वर्ग और महिला मतदाताओं के बीच अच्छी पकड़ रखती हैं। वहीं, नागपुर से सुधाकर कोहले एक अनुभवी और संगठन से जुड़े पुराने नेता माने जाते हैं।

पुणे शिक्षक सीट पर कौस्तुभ गावडे को उतारकर पार्टी ने शिक्षक समुदाय को साधने की कोशिश की है। बता दें कि महाराष्ट्र विधान परिषद की इन सीटों पर स्नातक और शिक्षक मतदाता ही मतदान करते हैं, इसलिए इन चुनावों में उम्मीदवार की शैक्षणिक पृष्ठभूमि और शिक्षक संगठनों में पकड़ काफी मायने रखती है। भाजपा ने उसी रणनीति के तहत इन नामों का चयन किया है।

महाराष्ट्र में महायुति सरकार के गठन के बाद यह पहला बड़ा विधान परिषद चुनाव है, इसलिए भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। जल्द ही पार्टी इन सीटों पर प्रचार अभियान भी तेज करेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Oct 2026 1:18 PM IST

Tags

Next Story