महेंद्रगढ़ में विधायक कंवर सिंह ने किसानों को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी, 3 लाख रुपए की मिली छूट
महेंद्रगढ़, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। हरियाणा के महेंद्रगढ़ में कृषि और किसान कल्याण विभाग द्वारा उपमंडल कृषि कार्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सरकार की एसबी-89 योजना के तहत एससी वर्ग के किसानों को सब्सिडी पर ट्रैक्टर वितरित किए गए। इस योजना के तहत जिले में कुल सोलह ट्रैक्टर वितरित करने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे पूरी तरह पूरा कर लिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक कंवर सिंह ने किसानों को ट्रैक्टर की चाबियां सौंपी। आज महेंद्रगढ़ हलके से संबंधित सात किसानों को उनके ट्रैक्टर की चाबियां दी गईं। इस योजना के तहत प्रत्येक किसान को ट्रैक्टर की खरीद पर करीब तीन लाख की सब्सिडी सरकार की ओर से दी जाती है। इससे किसानों पर आर्थिक बोझ कम होता है और उन्हें खेती के लिए आवश्यक संसाधन आसानी से मिलते हैं।
विधायक कंवर सिंह ने कहा कि सरकार की नीतियों का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। केंद्र और राज्य सरकार लगातार किसानों के लिए नई योजनाएं लागू कर रही हैं, ताकि खेती को लाभकारी बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि किसानों को मूंग की फसल पर प्रति एकड़ एक हजार रुपए का प्रोत्साहन दिया जा रहा है। साथ ही बीज पर भी अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
केंद्र और राज्य सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी जागरूकता कार्यक्रम चला रही हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में खराब मौसम के कारण सरसों और गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। विधायक कंवर सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और कई गांवों में फसल नुकसान देखा। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित किसानों का सही आकलन कर उन्हें मुआवजा दिया जाए।
इस योजना से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा, बल्कि उन्हें आधुनिक कृषि उपकरण भी उपलब्ध होंगे, जिससे उनकी खेती अधिक उत्पादक और लाभकारी बन सकेगी। इस तरह की पहल से महेंद्रगढ़ के किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 5:44 PM IST












