महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का काम भाजपा की सरकार करेगी मनोज तिग्गा
कूचबिहार, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। संसद के विशेष सत्र में मोदी सरकार महिला आरक्षण बिल लाने की तैयारी कर रही है। इस बीच पीएम मोदी ने कूचबिहार में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देशभर की बहनों, जिनमें पश्चिम बंगाल की बहनें भी शामिल हैं, उन्हें 2029 के लोकसभा चुनावों से इस बिल का लाभ मिल सके, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने 16, 17 और 18 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र बुलाया है। माताओं और बहनों का यह हक पिछले 40 वर्षों से अटका हुआ है, और इसमें अब और देरी करना उचित नहीं है।
महिला आरक्षण बिल को लेकर भाजपा सांसद मनोज तिग्गा ने कहा कि महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का काम भाजपा की सरकार करेगी। भाजपा जो बोलती है, वह करके दिखाती है। हम लोगों ने कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर बनेगा, आज मंदिर बन चुका है। जम्मू-कश्मीर से हम लोगों ने आर्टिकल 370 को हटाया।
उन्होंने कहा कि इससे पहले कई राजनीतिक दल आए और गए, किसी ने वादा पूरा नहीं किया, हमारी सरकार यह वादा भी पूरा करेगी। निश्चित रूप से आने वाले समय में महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा। कूचबिहार के मंच से पीएम मोदी ने इसकी घोषणा कर दी है।
भाजपा सांसद ने कहा कि टीएमसी को चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं है, लेकिन अगर चुनाव जीत जाते हैं तो उन्हें चुनाव आयोग पर भरोसा होता है। जब चुनाव हार जाएंगे तो आयोग से विश्वास उठ जाता है। यह दोहरा मापदंड नहीं चलेगा।
उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी जीतती है तो चुनाव आयोग ठीक हो जाता है, लेकिन भाजपा की जीत से आयोग पर सवाल खड़े हो जाते हैं। हमें चुनाव आयोग के साथ ही सभी संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा है, लेकिन टीएमसी, कांग्रेस और अन्य दलों को भरोसा नहीं है। हमें पूरा भरोसा है कि शुद्ध वोटर लिस्ट के आधार पर ही निष्पक्ष चुनाव होगा।
उन्होंने आगे कहा कि मतदान के दिन लोग बिना डर के अपने मत का प्रयोग करेंगे और बदलाव के पक्ष में वोट करेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 April 2026 9:51 PM IST










