विवाद के बाद वापसी को तैयार समय रैना, 'स्टील अलाइव' में दिखेगा खास अंदाज
मुंबई, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना अपने नए स्टैंड-अप स्पेशल ‘स्टील अलाइव’ के साथ एक बार फिर दर्शकों के सामने आने को तैयार हैं। इस स्पेशल का ट्रेलर रविवार को रिलीज हो चुका है, जबकि पूरा स्पेशल 7 अप्रैल को यूट्यूब पर प्रीमियर होगा।
जानकारी के अनुसार, ‘स्टील अलाइव’ उनकी पूरी यात्रा को बिना किसी फिल्टर के पेश करता है। यह स्पेशल ऑब्जर्वेशनल कॉमेडी के साथ-साथ समय रैना के व्यक्तिगत अनुभवों, संघर्ष और सार्वजनिक जीवन की जांच पर आधारित है। इसे उनका अब तक का सबसे ईमानदार और आत्ममंथन वाला स्पेशल बताया जा रहा है।
समय रैना ने स्पेशल के बारे में कहा, “मेरा एक ही उद्देश्य है, लोगों को हंसाना और उन्हें अच्छा समय देना। वह उद्देश्य आज भी नहीं बदला है।”
‘स्टील अलाइव’ सिर्फ एक कॉमेडी स्पेशल का नाम नहीं है, बल्कि समय रैना के पिछले एक साल के संघर्ष, विवाद और वापसी की कहानी है। फरवरी 2025 में उनका पॉपुलर यूट्यूब शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ एक बड़े विवाद में फंस गया था। शो के एक मेंबर्स-ओनली एपिसोड में हुई टिप्पणी के बाद कई राज्यों में शिकायतें दर्ज हुईं, राष्ट्रीय महिला आयोग ने समन जारी किए और महाराष्ट्र साइबर सेल ने जांच शुरू की। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया और डिजिटल कंटेंट व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर देशभर में चर्चा छिड़ गई।
जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले में समय रैना ने शो के सभी एपिसोड यूट्यब से हटा दिए गए, उन्होंने अपना टूर रद्द कर दिया और जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग किया। हालांकि, इस दौरान रैना ने कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया और चुप्पी साधे नजर आए। विवाद के बाद उनकी वापसी अगस्त 2025 में हुई, जब उन्होंने ‘स्टील अलाइव एंड अनफिल्टर्ड इंडिया टूर' शुरू किया। बेंगलुरु में टूर की शुरुआत हुई और टिकट मात्र एक घंटे में 40 हजार से ज्यादा बिक गए।
वहीं, दिल्ली के भारत मंडपम और तालकटोरा स्टेडियम समेत कई बड़े स्थानों पर शो हाउसफुल रहे। टूर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी आयोजित हुआ और यूरोप, ऑस्ट्रेलिया के साथ ही उत्तर अमेरिका में भी सफल रहा। इस टूर का समापन न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध मैडिसन स्क्वायर गार्डन में हुआ, जहां समय रैना सबसे कम उम्र के भारतीय कॉमेडियन बनकर वहां परफॉर्म करने वाले कलाकारों में शामिल हो गए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 April 2026 10:00 PM IST











