मानसून की दस्तक से मौसम बदला, 3 जुलाई को बारिश, आंधी और 50 किमी/घंटा तक तेज हवाओं का येलो अलर्ट
नई दिल्ली, 3 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में आखिरकार मानसून की प्रभावी एंट्री के साथ मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 3 जुलाई को दिल्ली समेत आसपास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिनभर बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 3 जुलाई को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश का दौर देखने को मिलेगा।
आईएमडी के अनुसार सुबह के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। दोपहर और शाम के दौरान हल्की से मध्यम बारिश, बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। रात के समय भी मौसम सक्रिय रहेगा और हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं लोगों को गर्मी से राहत देंगी।
4 जुलाई को भी मौसम सुहावना बना रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूरे दिन सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दिन किसी प्रकार की अतिरिक्त मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। 5 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने इस दिन गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। 6 जुलाई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री तथा न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। 7 जुलाई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूरे दिन गरज के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। 8 जुलाई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून सक्रिय होने के कारण अगले पूरे सप्ताह दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और एनसीआर के अन्य इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। इससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि बारिश के दौरान जलभराव, फिसलन, ट्रैफिक जाम और तेज हवाओं के कारण पेड़ या कमजोर होर्डिंग गिरने जैसी घटनाओं की आशंका भी बनी रहेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 July 2026 9:48 AM IST












