मेरा काम हर खिलाड़ी की जरूरत को समझना और उन्हें मैच के लिए तैयार करना दिनेश कार्तिक
बेंगलुरु, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के पूर्व विकेटकीपर दिनेश कार्तिक आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) में बैटिंग कोच की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनका मुख्य काम हर खिलाड़ी की जरूरत को समझना और उन्हें मैच की अलग-अलग परिस्थितियों के लिए तैयार करना है।
दिनेश कार्तिक की कोचिंग का असर टीम के प्रदर्शन में साफ दिखाई दे रहा है। आईपीएल 2026 के पहले ही मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 202 रनों के लक्ष्य को आसानी से सिर्फ 15.4 ओवर में हासिल कर लिया था। एम. चिन्नास्वामी के मैदान पर मिली धमाकेदार जीत टीम की मजबूत तैयारी और दबाव में बेहतर खेलने की क्षमता को दर्शाती है।
कार्तिक ने बताया कि टीम में अलग-अलग तरह के खिलाड़ी हैं, जिनकी भूमिकाएं और चुनौतियां भी अलग होती हैं। कार्तिक ने उदाहरण देते हुए कहा कि फिल साल्ट को नई गेंद की स्विंग का सामना करना पड़ता है, जबकि रोमारियो शेफर्ड के लिए मैच के उस स्तर पर स्विंग शायद ही कभी उतना कोई मुद्दा होती है। कार्तिक ने कहा कि इसी कारण कोच के रूप में उनका काम हर खिलाड़ी को परिस्थितियों के अनुसार तैयार करना है।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा कि कोचिंग सिर्फ तकनीक सिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि खिलाड़ी को समझना भी उतना ही जरूरी है। कार्तिक के मुताबिक, खिलाड़ी पहले से ही बहुत अनुभवी होते हैं, इसलिए उन्हें ज्यादा सिखाने की बजाय सही दिशा देना और उन पर भरोसा करना जरूरी होता है।कार्तिक ने अपने ब्रॉडकास्टिंग अनुभव को भी उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि कमेंट्री करते समय उन्होंने कई खिलाड़ियों और टीमों को करीब से देखा, जिससे उनकी ताकत और कमजोरियों को समझने में मदद मिली। इससे उन्हें कम शब्दों में साफ बात कहना भी आया, जो कोचिंग में बहुत काम आता है।
इस सीजन में आरसीबी की बल्लेबाजी में संतुलन और स्थिरता दिखी है। कार्तिक हर खिलाड़ी के लिए अलग-अलग अभ्यास योजना बनाते हैं। उदाहरण के तौर पर, टिम डेविड के लिए खास परिस्थितियों में खेलने की तैयारी करवाई जा रही है। उनकी ताकत के अनुसार ड्रिल्स तैयार की जाती हैं, ताकि वह मैच में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 April 2026 5:39 PM IST












