संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने पर मनोज झा बोले-'मानसून सत्र कब खत्म हुआ'

संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने पर मनोज झा बोले-मानसून सत्र कब खत्म हुआ
महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन को लेकर संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने पर राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयानों पर भी उन्होंने पलटवार किया है।

पटना, 27 नवंबर (आईएएनएस)। महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन को लेकर संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने पर राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयानों पर भी उन्होंने पलटवार किया है।

पटना में पत्रकारों से बातचीत में मनोज झा ने केंद्र द्वारा बुलाए गए संसद सत्र पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र अभी तक समाप्त ही नहीं हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "कभी सुना है कि जाड़े के मौसम में मानसून चल रहा हो? यह कौन सी चाणक्य नीति है? आप क्या चाहते हैं, लोकतंत्र का गला घोंटकर रख दें?"

मनोज झा ने कहा कि यह परिसीमन नहीं बल्कि लोकतंत्र को कमजोर करने का अभियान है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के विनाश की दिशा में उठाया गया कदम बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जो असम में कर चुकी है, वही अब पूरे देश में करना चाहती है, जो कतई स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के पास एक बढ़िया प्रेशर कुकर है। अमित शाह उस कुकर की सीटी तय करते हैं लेकिन जब लोकतंत्र और जनता सीटी बजाएगी तो कान फट जाएगा।

अमित शाह के उस बयान पर कि महिला आरक्षण विधेयक को राहुल गांधी नहीं रोक पाएंगे, मनोज झा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह विधेयक पहले ही पारित हो चुका है। राष्ट्रपति ने इसे अधिसूचित कर दिया है और यह राजपत्र में प्रकाशित हो चुका है। ऐसे में फिर से इसे लाने का क्या मतलब है? उन्होंने कहा कि यह पाखंड दर्शाता है कि इसके पीछे कुछ ऐसा है, जिस पर पर्दा डाला जा रहा है।

संविधान की नकली प्रति रखने के आरोप पर मनोज झा ने भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के अधिकांश नेताओं से अगर संविधान के चार अनुच्छेदों- स्वतंत्रता, समानता औऔर न्याय के बारे में पूछा जाए तो वे मुंह खोलकर कहेंगे कि कैमरा हटा दो।

गृह मंत्री अमित शाह के यूसीसी वाले बयान पर मनोज झा ने कहा कि क्या इससे नौकरी मिलेगी? क्या महंगाई खत्म होगी? क्या आज की असमानता दूर होगी? गृह मंत्री को पहले इन सवालों का जवाब देना चाहिए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story