आज महात्मा गांधी की अहिंसा वाली अवधारणा काफी प्रासंगिक है सांसद बृजलाल

लखनऊ, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। राज्यसभा सांसद बृजलाल ने गुरुवार को गांधी जयंती के मौके पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को अहिंसा का पुजारी बताया।
उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आज की तारीख में विश्व समुदाय की जिस तरह की स्थिति बनी हुई है, उसे देखते हुए महात्मा गांधी की अहिंसा वाली अवधारणा काफी प्रासंगिक साबित हो जाती है। आज जहां रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध बना हुआ है। ऐसी स्थिति में महात्मा गांधी की शिक्षा काफी प्रासंगिक है। मैं महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर गांधी आश्रम आया हूं, जहां मैं स्वदेशी उत्पादों को देख रहा हूं। मुझे इसे देखकर अत्यधिक प्रसन्नता हो रही है।
उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के सौ वर्ष पूरे होने पर कहा कि इतिहास गवाह है कि जब कभी भी देश में कोई संकट आता है, तो सरकारी एजेंसियों के अलावा सबसे पहले मौके पर पहुंचने वाला अगर कोई होता है, तो वो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ है। आरएसएस ने जो इस देश के लिए किया है, वो अमूल्य है। संघ के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। यह दुख की बात है कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए देश के लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि कोरोना काल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सामाजिक कल्याण के लिए जो किया, वो अद्भुत है। इस विपदा के समय में संघ के कई लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी। संघ ने हमेशा से ही देश को जोड़ने का काम किया है। देशवासी संघ की सच्चाई से अवगत हैं, वो इस बात को जानते हैं कि संघ देश के विकास और लोगों के कल्याण की दिशा में हमेशा आगे रहा है। जब नेहरू जी प्रधानमंत्री थे, तो संघ के लोग गणतंत्र दिवस मार्च में शामिल थे। कांग्रेस के लोग इतिहास को पढ़ लें। आने वाली पीढ़ी को आरएसएस के बारे में बताना चाहिए। आरएसएस ने देश के विकास का पूरा खाका तैयार किया।
चिदंबरम के बयान पर राज्यसभा सांसद ने कहा कि मुंबई हमले के वक्त मैं प्रदेश का एडीजी था। उस वक्त कसाब को जिंदा पकड़ा गया था, जिसे फांसी की सजा हुई। उस समय हमें पाकिस्तान को माकूल जवाब देते हुए उस पर सर्जिकल स्ट्राइक करनी चाहिए थी। लेकिन, उस समय गृह मंत्री अपने सिर्फ कपड़े बदलते रहे। दिग्विजय सिंह जैसे नेताओं ने बेशर्मी भरा बयान दिया। इस पूरे मामले में कांग्रेस की भूमिका शर्मनाक रही है।
उन्होंने सोनम वांगचुक के बारे में कहा कि वे अपने एनजीओ के माध्यम से विदेशी फंडिंग लेकर अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे थे। इसमें कहीं ना कहीं देश की विरोधी पार्टियों का भी हाथ था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Oct 2025 6:32 PM IST