एनसीईआरटी की ई-पाठशाला में छात्रों के लिए निशुल्क किताबें, वीडियो और डिजिटल सामग्री

एनसीईआरटी की ई-पाठशाला में छात्रों के लिए निशुल्क किताबें, वीडियो और डिजिटल सामग्री
स्कूली छात्रों की पढ़ाई को आसान बनाने के लिए नि:शुल्क ऑनलाइन किताबें, वीडियो और डिजिटल सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। एनसीईआरटी की डिजिटल शिक्षण पहल ई-पाठशाला के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और शोधकर्ताओं को यह ऑनलाइन मंच उपलब्ध कराया गया है। यह प्लेटफॉर्म एक ही स्थान पर एनसीईआरटी की अध्ययन सामग्री और डिजिटल संसाधनों तक नि:शुल्क पहुंच प्रदान करता है।

नई दिल्ली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। स्कूली छात्रों की पढ़ाई को आसान बनाने के लिए नि:शुल्क ऑनलाइन किताबें, वीडियो और डिजिटल सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। एनसीईआरटी की डिजिटल शिक्षण पहल ई-पाठशाला के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और शोधकर्ताओं को यह ऑनलाइन मंच उपलब्ध कराया गया है। यह प्लेटफॉर्म एक ही स्थान पर एनसीईआरटी की अध्ययन सामग्री और डिजिटल संसाधनों तक नि:शुल्क पहुंच प्रदान करता है।

इस पहल का उद्देश्य नई शिक्षा तकनीकों को बढ़ावा देना और देशभर के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। शिक्षा मंत्रालय के मार्गदर्शन में यह शुरुआत की गई है। शिक्षा मंत्रालय का कहना है कि ई-पाठशाला के माध्यम से छात्र-छात्राएं एनसीईआरटी की ई-पुस्तकें, पत्रिकाएं, शिक्षण निर्देश, पाठ्यचर्या से जुड़ी सामग्री, अधिगम परिणाम तथा ऑडियो, वीडियो, इंटरैक्टिव सामग्री, मानचित्र, प्रश्न बैंक और अन्य शैक्षणिक संसाधनों का लाभ उठा सकते हैं।

खास बात यह है कि यह पाठ्य सामग्री हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू सहित कई भाषाओं में उपलब्ध है। इससे देश के विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए यह पढ़ाई और अधिक सुलभ बनाती है।

शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, ई-पाठशाला की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे मोबाइल फोन, टैबलेट, लैपटॉप और डेस्कटॉप सहित विभिन्न उपकरणों पर आसानी से उपयोग किया जा सकता है। मोबाइल ऐप आकार में छोटा है और कम स्टोरेज में भी सुचारू रूप से कार्य करता है। विद्यार्थी अपनी पसंद की पुस्तकों को डाउनलोड कर ऑफलाइन भी पढ़ सकते हैं। इसके अलावा डिजिटल पुस्तकों में बुकमार्क, हाइलाइट, नोट्स बनाने, जूम करने, खोजने और पेज नेविगेशन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, जो अध्ययन को अधिक प्रभावी बनाती हैं।

शिक्षाविदों के अनुसार, यह मंच केवल विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है। यहां शिक्षकों के लिए शिक्षण सामग्री और मार्गदर्शिका उपलब्ध है। यही नहीं यहां ऐसे संसाधन भी उपलब्ध कराए गए हैं जो अभिभावकों को बच्चों की सीखने की प्रगति में सहयोग कर सकते हैं। इसके अंतर्गत शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं के लिए पाठ्यचर्या और शैक्षणिक दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए हैं। इस प्रकार ई-पाठशाला शिक्षा से जुड़े सभी हितधारकों के लिए इसे एक व्यापक डिजिटल संसाधन केंद्र बनाने की कोशिश की गई है।

शिक्षाविद मानते हैं कि डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में ई-पाठशाला एक महत्वपूर्ण पहल है। यह एक ऐसी पहल है जो कभी भी, कहीं भी गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ शिक्षा को अधिक समावेशी, सुलभ और तकनीक-सक्षम बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 July 2026 5:23 PM IST

Tags

Next Story