एनडीए नेताओं ने कहा- 'प्रधानमंत्री के खिलाफ अनुचित टिप्पणी नहीं करेंगे सहन', खड़गे से माफी की मांग

एनडीए नेताओं ने कहा- प्रधानमंत्री के खिलाफ अनुचित टिप्पणी नहीं करेंगे सहन, खड़गे से माफी की मांग
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले समेत कई एनडीए नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ टिप्पणी को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे से माफी की मांग की है। आठवले ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां करना बिल्कुल अनुचित है और हम इसे सहन नहीं करेंगे।

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले समेत कई एनडीए नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ टिप्पणी को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे से माफी की मांग की है। आठवले ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां करना बिल्कुल अनुचित है और हम इसे सहन नहीं करेंगे।

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "मल्लिकार्जुन खड़गे एक ऐसी बड़ी पार्टी के अध्यक्ष हैं जो 60-70 वर्षों तक सत्ता में रही है। ऐसी पार्टी के अध्यक्ष का प्रधानमंत्री का अपमान करना उचित नहीं है। अगर खड़गे को इस तरह की टिप्पणियां करने की आदत है, तो यह अच्छी बात नहीं है। इस तरह की टिप्पणियां करना बिल्कुल अनुचित है, और ऐसा करके उन्होंने प्रधानमंत्री का भारी अपमान किया है और हम इसे सहन नहीं करेंगे।"

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व ने, जिसमें खड़गे जी और राहुल गांधी शामिल हैं, जिस तरह से समय-समय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माता-पिता के बारे में टिप्पणियां की हैं, वह भारत की संस्कृति, इसके मूल्यों और 'भारत माता' की भावना के खिलाफ है। इस देश की जनता इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्हें माफी मांगनी चाहिए।"

ब्रजेश पाठक ने कहा कि विपक्ष के लोग सत्ता न मिलने के कारण बौखला गए हैं और मानसिक दिवालियापन के शिकार हैं। आप देखेंगे तो समय-समय पर जब भी कांग्रेस चुनाव में जाएगी, उसे खामियाजा भुगतना पड़ेगा। भारत माता के संस्कारों के किलाफ जितने भी आचरण किए हैं, उन्हें देश ने किनारे लगाने का काम किया है।

मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, "कांग्रेस नेता लगातार नरेंद्र मोदी के दिवंगत माता-पिता का अपमान कर रहे हैं और उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण और क्या हो सकता है?"

उन्होंने कहा, "लोकतंत्र में ऐसी भाषा के लिए कोई जगह नहीं है। मैंने हमेशा कहा है कि यह कांग्रेस का एजेंडा है, क्योंकि यह पार्टी इस देश के संस्कार को नहीं समझती है। हमारे संस्कारों में यह नहीं कि मरे हुए व्यक्ति के बारे में टिप्पणी करे। राहुल गांधी और सोनिया गांधी लंबे समय से ऐसा करते आ रहे हैं और अब खड़गे ने भी यही किया है। गलती से कोई बात एक बार निकल सकती है, लेकिन उन्होंने तीन बार ऐसा कहा। खड़गे जी, इस तरह की भाषा आपको भारी पड़ेगी। जनता इसका जवाब देगी।"

महाराष्ट्र भाजपा के विधायक राम कदम ने कहा, "क्या किसी नेता के दिवंगत माता-पिता राजनीति का हिस्सा बन सकते हैं? क्या कोई अभद्र टिप्पणी कर सकता है? अगर खड़गे के मन में थोड़ी भी लज्जा बची है तो उन्हें हाथ जोड़कर माफी मांग लेनी चाहिए।"

उन्होंने कहा, "मल्लिकार्जुन खड़गे, क्या आप ओछी राजनीति का हिस्सा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को बनाएंगे? आपकी मति को क्या हो गया? आपके पास कोई अन्य मुद्दे नहीं हैं, तो आप किसी का भी बाप निकालोगे? यदि कोई आपके पिता के बारे में इस प्रकार की अभद्र भाषा में अमर्यादित टिप्पणी करता है, तो कितना दुख होगा आपको?"

राम कदम ने सवाल किया, "आप हताश और निराश हैं, क्या आपके पास मुद्दे नहीं हैं? जब आदमी पूरी तरह से हार चुका होता है, तो उस समय उसकी वाणी बिगड़ती है। वर्तमान में कांग्रेस दल पूरी तरह से हताश हो चुका है। आने वाले चुनाव में भी हार का डर दिखाई दे रहा है। क्या इसी कारण मल्लिकार्जुन खड़गे की वाणी निकली? आपने केवल प्रधानमंत्री की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाया है, आपने समूचे देश की भावनाओं को आहत किया है।"

भाजपा विधायक पलटू राम ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के बारे में मल्लिकार्जुन खड़गे की अनुचित टिप्पणी अत्यंत निंदनीय है। विपक्षी नेताओं के बीच इस बात की प्रतिस्पर्धा है कि कौन प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए नेताओं के खिलाफ सबसे अधिक आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर सकता है। चाहे मल्लिकार्जुन खड़गे हों या राहुल गांधी, ये दिवालियापन के शिकार हैं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story