नई दिल्ली में पीएम मोदी से मिले सीएम योगी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से भी की मुलाकात

नई दिल्ली में पीएम मोदी से मिले सीएम योगी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से भी की मुलाकात
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के माध्यम से इन मुलाकातों की जानकारी साझा की।

नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के माध्यम से इन मुलाकातों की जानकारी साझा की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद सीएम योगी ने 'एक्स' पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "'नए भारत' के स्वप्नद्रष्टा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में आत्मीय भेंट की। आपका मार्गदर्शन मुझे सुशासन के पथ पर अविराम गतिशील रहने की प्रेरणा देता है। बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिए हार्दिक आभार प्रधानमंत्री।"

मुख्यमंत्री योगी की प्रधानमंत्री मोदी से हुई इस मुलाकात को राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, बैठक के एजेंडे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

प्रधानमंत्री से मुलाकात के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी भेंट की। उन्होंने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया।

इससे पहले सीएम योगी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर थे। मेरठ पहुंचकर उन्होंने सावन माह में जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया।

कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा के बाद मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर लिखा, "शिवो भूत्वा शिवं यजेत्। भगवान भोलेनाथ की आराधना-उपासना के पवित्र श्रावण माह के पावन अवसर पर जलाभिषेक करने निकले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों पर जनपद मेरठ में पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।"

उन्होंने कहा कि भक्ति, अनुशासन और समर्पण के साथ सैकड़ों किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे शिवभक्त जाति, पंथ, प्रांत और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दे रहे हैं।

सीएम योगी ने यह भी कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान के लिए उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भगवान महादेव से सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना करते हुए 'हर-हर महादेव' का उद्घोष किया।

कांवड़ यात्रा कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम को नई दिल्ली रवाना हुए, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Aug 2026 8:05 PM IST

Tags

Next Story