राजनीति: उत्तर प्रदेश ने नस्ल सुधार एवं दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में की है क्रांति राजीव रंजन

लखनऊ, 12 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय मत्स्य पालन विभाग, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश ऐसा राज्य है जिसने नस्ल सुधार एवं दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में क्रांति की है। दूसरे राज्यों के लिए उत्तर प्रदेश ने प्रेरणा देने का काम किया है।
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन शनिवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भारत में पशु नस्लों का विकास कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपी ऐसा राज्य है, जिसने नस्ल सुधार एवं दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में क्रांति की है। दूध के उत्पादन के क्षेत्र में भारत विश्व में प्रथम स्थान पर है यह कीर्तिमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता के चलते ही अर्जित हुआ है। उन्होंने पशुपालन विभाग को अलग मंत्रालय का दर्जा दिया, केवल दर्जा ही नहीं बल्कि बेहतर ढंग से काम करने के लिए बड़ी परियोजनाएं भी शुरू कराई। जिससे हमने वैश्विक कीर्तिमान हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसान केंद्रित व्यवस्था बनाकर काम कर रही है, नस्ल सुधार के लिए बड़े पैमाने पर काम किए जा रहे हैं। देश और प्रदेश में बहुत सुधार भी हुआ है। यह ज़मीन पर दिखाई भी दे रहा है। प्रदेश ने नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन, पशु आरोग्य की दिशा में बड़े सुधारात्मक और अनुकरणीय कार्य किए गए हैं। पशुपालन के क्षेत्र में छोटे किसान, भूमिहीन या मजदूर वर्ग से आते हैं। इनमें सर्वाधिक महिलाएं हैं। दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में भी बत्तीस फीसदी महिलाएं काम कर रही हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नस्ल सुधार की दिशा में हम आईवीएफ और सेक सॉर्टेड सीमन पर काम किया जा रहा है। आईवीएफ तकनीक महंगी है लेकिन सेक सॉर्टेड सीमेन की विधि सस्ती है और किसानों के लिए लाभकारी है। इससे नब्बे फीसदी बछिया ही पैदा होती हैं।
उन्होंने कहा कि हम विश्व में दुग्ध उत्पादन की दिशा में नंबर एक जरूर हैं लेकिन उत्पादकता के मामले में पीछे हैं। हम एक्सपोर्ट में पीछे हैं। हम देश के नौ राज्यों को एफएमडी फ्री स्टेट बनाने में काम कर रहे हैं, उत्तर प्रदेश भी इसमें सम्मिलित है, जिससे दुग्ध उत्पाद बाहर के देशों में बिक्री के लिए भेजा जा सकेगा।
मंत्री रंजन ने कहा कि वाराणसी दुग्ध संघ प्रदेश के दुग्ध उत्पादन की दिशा में मील का पत्थर है। जहां पहले चौदह हजार लीटर दूध ही उत्पादित होता था, अब दो लाख लीटर से ज्यादा का उत्पादन वहां से हो रहा है। जो सोसायटीज पहले सौ-दो सौ लीटर दूध देती थी अब वह पांच हजार से भी ज्यादा लीटर का दूध दुग्ध संघ को दे रहे हैं। किसानों को आज गोबर का भी पैसा मिल रहा है। राष्ट्रीय डेरी विकास बोर्ड ने यहां पर काम किया है। असंगठित क्षेत्र संगठित हुआ है। इससे किसानों को लाभ मिला है। अभी मुख्यमंत्री योगी के प्रयासों से कानपुर, कन्नौज और गोरखपुर के दुग्ध प्लांट भी एनडीडीबी संचालित करने जा रही है। इससे इन जिलों के किसानों को भी लाभ मिलने जा रहा है। पशुपालक किसान देश की अर्थव्यवस्था में अब सीधा योगदान दे रहे हैं।
--आईएएनएस
विकेटी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 July 2025 2:53 PM IST