मनोरंजन: जन्मदिन विशेष वो किस्सा जब सुखविंदर सिंह से एआर रहमान ने मांगी थी माफी

जन्मदिन विशेष वो किस्सा जब सुखविंदर सिंह से एआर रहमान ने मांगी थी माफी
सुरों के जादूगर सुखविंदर सिंह किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। सुखविंदर सिंह ने अपनी दमदार आवाज और अनोखी गायन शैली से भारतीय सिनेमा को अनगिनत यादगार गाने दिए हैं। उनकी कला ने न सिर्फ भारत बल्कि विश्व स्तर पर भी उन्हें ख्याति दिलाई है। 1990 के दशक में जलवा बिखरने वाले सुखविंदर सिंह आज भी भारतीय संगीत जगत के एक प्रमुख स्तंभ माने जाते हैं। सुखविंदर सिंह 18 जुलाई को अपना 54वां जन्मदिन मनाएंगे।

नई दिल्ली, 17 जुलाई (आईएएनएस)। सुरों के जादूगर सुखविंदर सिंह किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। सुखविंदर सिंह ने अपनी दमदार आवाज और अनोखी गायन शैली से भारतीय सिनेमा को अनगिनत यादगार गाने दिए हैं। उनकी कला ने न सिर्फ भारत बल्कि विश्व स्तर पर भी उन्हें ख्याति दिलाई है। 1990 के दशक में जलवा बिखरने वाले सुखविंदर सिंह आज भी भारतीय संगीत जगत के एक प्रमुख स्तंभ माने जाते हैं। सुखविंदर सिंह 18 जुलाई को अपना 54वां जन्मदिन मनाएंगे।

सुखविंदर सिंह का जन्म 18 जुलाई 1971 को पंजाब के अमृतसर में हुआ। उन्होंने छोटी उम्र में ही गाना शुरू कर दिया था। मात्र 8 साल की उम्र में उन्होंने स्टेज पर फिल्म 'अभिनेत्री' का गाना "सा रे गा मा पा" गाया और दर्शकों के दिलों में पहली बार जगह बनाई।

1990 के दशक के मध्य में उन्होंने विश्व भ्रमण कर विभिन्न संगीत शैलियों को समझने की कोशिश की। इसके बाद उन्होंने पंजाबी एल्बम 'मुंडा साउथहॉल दा' रिलीज की और मशहूर संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल के साथ भी काम किया।

उनका पहला बॉलीवुड गीत "आ जा सनम" था, जो 1991 की 'खिलाफ' फिल्म में गाया गया, लेकिन ये गाना ज्यादा चर्चित नहीं रहा। हालांकि, साल 1998 में मणिरत्नम की फिल्म ‘दिल से’ का गाना ‘छैंया-छैंया’ उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इस गाने ने सुखविंदर सिंह को रातों-रात स्टार बना दिया। इस गीत के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला।

यहां से सुखविंदर सिंह के हिट गानों का सिलसिला चलता ही गया। उन्होंने '1947: अर्थ', 'बीवी नंबर 1', 'दिल्लगी', 'जानवर', और कई अन्य फिल्मों में हिट गाने दिए।

सुखविंदर सिंह ने शाहरुख खान, सलमान खान, अजय देवगन, अक्षय कुमार, रणबीर कपूर और अन्य बड़े सितारों के लिए भी प्लेबैक किया है। संगीतकार ए.आर. रहमान के साथ उनकी साझेदारी बेहद सफल रही, जिसमें 'रामता जोगी', 'ताल से ताल मिला', 'रुत आ गई रे' जैसे कई सुपरहिट गाने शामिल हैं।

सुखविंदर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान तब मिली जब उन्होंने एआर रहमान के साथ फिल्म ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ के लिए ‘जय हो’ गाया। इस गीत ने उन्हें ऑस्कर, ग्रैमी और क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड दिलाए।

सुखविंदर सिंह की सफलता के साथ एक दिलचस्प किस्सा भी जुड़ा हुआ है। जानकर हैरानी होगी कि इस दिग्गज सिंगर से एक बार खुद एआर रहमान को भी माफी मांगनी पड़ी थी। वाकया यह है कि जब एआर रहमान को 'जय हो' गाने के लिए ऑस्कर अवॉर्ड मिला था, तब वह सुखविंदर सिंह का नाम लेना भूल गए थे, जो इस गाने के गायक थे। बाद में एआर रहमान ने इस पर एक इंटरव्यू में अफसोस जताते हुए सुखविंदर सिंह से माफी मांगी थी।

अपनी दमदार आवाज और जोशीले अंदाज से उन्होंने भारतीय संगीत को एक नई ऊंचाई दी। वे आज भी एक लोकप्रिय पार्श्वगायक के रूप में पहचाने जाते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 July 2025 9:53 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story