राजनीति: चंपई सोरेन ने 'दिशोम गुरु' को किया याद, ओडिशा के सीएम माझी ने दी श्रद्धांजलि

चंपई सोरेन ने दिशोम गुरु को किया याद, ओडिशा के सीएम माझी ने दी श्रद्धांजलि
दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता चंपई सोरेन ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए समाज के एक युग का अंत बताया।

रांची, 4 अगस्त (आईएएनएस)। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता चंपई सोरेन ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए समाज के एक युग का अंत बताया।

चंपई सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन की दुखद सूचना से शोकाकुल हूं। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। यह एक युग का अंत है। झारखंड आंदोलन के दौरान पहाड़ों, जंगलों एवं सुदूरवर्ती गांवों से लेकर विधानसभा तक, आपके साथ बिताए पल याद आ रहे हैं।"

उन्होंने समाज के प्रति शिबू सोरेन के योगदान को याद करते हुए लिखा, "गुरु जी, महाजनी प्रथा एवं नशे के खिलाफ आदिवासियों, मूलवासियों तथा शोषित-पीड़ित जनता के संघर्ष को जिस प्रकार आपने दिशा दी, उसे आने वाली पीढ़ियां सदैव याद रखेंगी। आप हमेशा हमारे दिल में रहेंगे। आपके आदर्श एवं विचार सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। झारखंड की आम जनता के हितों को लेकर जो संघर्ष आपने शुरू किया था, वह जीवनपर्यंत जारी रहेगा।"

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शिबू सोरेन के निधन पर दुख जाहिर करते हुए 'एक्स' पर लिखा, "झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी के निधन से अत्यंत दुःखी हूं। महाप्रभु जगन्नाथ उनकी दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिवार को शक्ति प्रदान करें।"

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने लिखा, "जेएमएम के संस्थापक संरक्षक, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और स्वतंत्र भारत के सबसे प्रभावशाली आदिवासी नेताओं में से एक, आदरणीय थिरु शिबू सोरेन के निधन से अत्यंत दुःखी हूं। शिबू सोरेन का जीवन शोषण का अथक प्रतिरोध और सामाजिक न्याय के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से परिभाषित था। झारखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख निर्माताओं में से एक के रूप में, उन्होंने दशकों से चले आ रहे आदिवासी संघर्ष को एक राजनीतिक शक्ति में बदल दिया। हेमंत सोरेन और झारखंड के लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं, जो एक महान नेता और योद्धा के निधन का शोक मना रहे हैं।"

उल्लेखनीय है कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक शिबू सोरेन का सोमवार (4 अगस्त) को दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से राजनीतिक जगत शोकग्रस्त है। पक्ष-विपक्ष के तमाम नेता समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Aug 2025 1:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story