राष्ट्रीय: एकनाथ शिंदे का उद्धव ठाकरे पर तंज, 'कुछ लोग कार्यकर्ताओं को नौकर समझते हैं'
हिंगोली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। शिवसेना विधायक संतोष बांगर के नेतृत्व में मंगलवार को कलमनूरी से हिंगोली शहर तक भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी हिस्सा लिया और इसके बाद कांवड़ सभा को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। शिंदे ने हिंदुत्व और भगवा आतंकवाद के मुद्दे पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया।
एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग कार्यकर्ताओं को नौकर समझते हैं, जबकि शिवसेना के संस्थापक बाला साहेब ठाकरे कार्यकर्ताओं को अपना सखा मानते थे। उन्होंने विधायक संतोष बांगर को अपना सहकारी बताते हुए कहा कि जो लोग कांवड़ यात्रा जैसे आयोजनों से मुंह मोड़ते हैं, वे ठंडी जगहों पर बैठकर सत्ता का सपना देखते हैं।
शिंदे ने कहा, "मैं मुख्यमंत्री रहते हुए भी कार्यकर्ता की तरह काम करता था और आज भी जनता की सेवा में लगा हूं। लोग मुझे 'सिर्फ मिनिस्टर' कहते थे, लेकिन मैं 'कॉमन मैन' हूं, जो आम लोगों के लिए समर्पित है।"
उन्होंने अपनी सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने ढाई साल में मुख्यमंत्री सहायता कोष से जरूरतमंदों को 450 करोड़ रुपये दिए, जबकि पिछले मुख्यमंत्री ने इतने ही समय में केवल 3 करोड़ रुपये खर्च किए। उन्होंने 'लाडकी बहन योजना' को जुमला कहने वालों को जवाब देते हुए कहा कि इस योजना के तहत महिलाओं के खातों में पैसे जमा किए गए। विपक्ष ने लोगों को भड़काया कि पैसे निकाल लें, वरना सरकार वापस लेगी। लेकिन, शिंदे ने समय से पहले दो महीने का भुगतान सुनिश्चित किया। उन्होंने दावा किया कि महायुति को 232 सीटों के साथ जनता का समर्थन मिला, क्योंकि उनकी सरकार जनता के लिए काम करती है।
हिंदुत्व पर एकनाथ शिंदे ने कहा कि भगवा महादेव का प्रतीक है और इसे देखने के लिए साहस चाहिए। जिन्होंने भगवा और हिंदुत्व को छोड़ा, उनका सब डूब गया।
शिंदे ने 2022 में संतोष बांगर को फोन कर शिवसेना के साथ आने की बात याद दिलाई और कहा कि उनके 50 विधायकों ने मिलकर हिंदुत्व के लिए ऑपरेशन तख्ता पलट किया।
कांग्रेस और विपक्ष पर हमला बोलते हुए शिंदे ने कहा कि 2008 के मुंबई हमलों में आतंकवाद को रंगहीन बताया गया, लेकिन मालेगांव ब्लास्ट को भगवा आतंकवाद करार दिया गया। उन्होंने साध्वी प्रज्ञा सिंह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेताओं पर लगाए गए आरोपों की निंदा की।
एकनाथ शिंदे ने कहा कि सेना ने पाकिस्तान को जवाब दिया, लेकिन विपक्ष ने सेना के साहस पर सवाल उठाए। उन्होंने राहुल गांधी को कोर्ट की फटकार का जिक्र करते हुए कहा कि हिंदुत्व का यह जश्न देखकर कुछ लोगों को "एलर्जी" हो रही है।
शिंदे ने जोर देकर कहा कि शिवसेना जनता के लिए काम करती है और बाला साहेब के विचारों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कांवड़ यात्रा को सनातन धर्म का आध्यात्मिक प्रतीक बताया और कहा कि भगवा उनकी पहचान है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Aug 2025 11:58 AM IST