राजनीति: रांची में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, कांग्रेस ऑफिस घेरने की कोशिश

बिहार में कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की।

रांची, 1 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की।

रैली की शक्ल में कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ रही भाजपा महिला कार्यकर्ताओं को पुलिस और सुरक्षा बलों ने रांची यूनिवर्सिटी के गेट के पहले ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और महिला कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।

पहले से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, भाजपा महिला मोर्चा की सैकड़ों महिलाएं जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में इकट्ठा हुईं और मार्च करते हुए कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ रही थीं। प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यालय के सामने बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास कर रही थीं, लेकिन पुलिस ने बलपूर्वक उन्हें रोका। इस दौरान कई महिलाओं को चोट आईं।

प्रदर्शनकारी कह रही थीं कि उनका यह प्रदर्शन शांति मार्च था, लेकिन पुलिस ने उन्हें लाठियों के बल पर रोका। भाजपा महिला मोर्चा का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल पीएम मोदी के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में अपनी आवाज उठाना था।

प्रदर्शनकारियों की अगुवाई झारखंड प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष आरती कुजूर, प्रदेश मीडिया प्रभारी कुमुद झा, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा पायल सोनी और प्रदेश मंत्री नीलम चौधरी कर रही थीं।

घटना के बाद जिला प्रशासन ने रांची के श्रद्धानंद रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय और आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी। सभी प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाई गई और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए।

प्रशासन ने अतिरिक्त मोबाइल फोर्स और वाहनों को भी मुस्तैद रखा, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

भारतीय जनता पार्टी की झारखंड प्रदेश इकाई की ओर से जारी एक वक्तव्य में कहा गया, “कांग्रेस और उसके गठबंधन सहयोगियों ने देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपमानजनक टिप्पणी कर पूरे देश का अपमान किया है। ये वही कांग्रेस है, जो सत्ता के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है। अब जनता के आक्रोश से इनका बचना नामुमकिन है।”

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 Sept 2025 4:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story