नोएडा अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले दो युवक गिरफ्तार, भारी मात्रा में असलहा बरामद
नोएडा, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा के थाना फेस-1 पुलिस ने अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 5 पिस्टल और 6 देशी तमंचे बरामद किए हैं। इस मामले में एक बाल अपचारी को भी पुलिस हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना फेस-1 क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान गंदे नाले की पुलिया के पास से दो अभियुक्तों अभिषेक (21 वर्ष) निवासी ग्राम सोरखा, सेक्टर-115 और समीर (20 वर्ष) निवासी सेक्टर-27 को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद हुआ, जिसमें 5 पिस्टल (.32 बोर), 5 देशी तमंचे (.315 बोर) और 1 देशी तमंचा (.32 बोर) शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अवैध हथियार रखने और दिखाने के शौकीन थे तथा इन्हें अपने साथियों और आसपास के युवकों के बीच रौब जमाने के लिए इस्तेमाल करते थे। इसके साथ ही वे इन हथियारों की खरीद-फरोख्त कर अच्छा मुनाफा भी कमाते थे। आरोपियों ने बताया कि वे पिस्टल को लगभग 40 से 45 हजार रुपए में खरीदकर 65 से 75 हजार रुपए तक में बेचते थे। वहीं देशी तमंचे को 4 से 5 हजार रुपए में खरीदकर करीब 10 हजार रुपए में बेचते थे।
चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए ग्राहकों से संपर्क करते थे। वे अपने परिचितों और संभावित खरीदारों को बताते थे कि यदि किसी को अवैध हथियार चाहिए, तो वे इंस्टाग्राम के माध्यम से उनसे संपर्क कर सकते हैं। इसके बाद वे उन्हें हथियार उपलब्ध कराते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना फेस-1 में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 April 2026 5:39 PM IST











