नोएडा में बड़ा हादसा टला हाजीपुर अंडरपास के पास नाले में गिरी तेज रफ्तार कार, छात्र घायल
नोएडा, 17 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा के हाजीपुर अंडरपास के पास मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार से जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सर्विस लेन के सूखे नाले में जा गिरी। घटना के समय कार में आईएमएस नोएडा के छात्र सवार थे।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। हालांकि, कार सवार छात्रों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति में थी और अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। इसके बाद कार सीधे सर्विस लेन के किनारे बने सूखे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व ट्रैफिक विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और संबंधित थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए कार में फंसे छात्रों को बाहर निकाला। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए सर्विस लेन पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभालते हुए ट्रैफिक को सुचारु रूप से चालू कराया। वहीं, नाले में गिरी कार को बाहर निकालने के लिए हाइड्रा मशीन मंगाई गई, जिसकी मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे का मुख्य कारण हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन चालक से पूछताछ की जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 6:58 PM IST












