पटना में 'हमारे राम' महानाट्य का भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले-राम के आदर्श आज भी समाज के लिए पथप्रदर्शक
पटना, 1 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना स्थित सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र के बापू सभागार में आयोजित भव्य महानाट्य 'हमारे राम' का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम और माता सीता के चित्र पर पुष्प अर्पित किया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा, राहुल भुचर सहित कई विख्यात कलाकारों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों का सजीव मंचन किया।
इस प्रस्तुति में रामायण के उन प्रेरणादायी प्रसंगों को विशेष रूप से दर्शाया गया, जिन्हें सामान्यतः मंच पर कम प्रस्तुत किया जाता है। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और भव्य मंच सज्जा ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति, मर्यादा, सत्य, कर्तव्य और आदर्श जीवन के सर्वोच्च प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में भी श्रीराम के आदर्श समाज को सही दिशा देने वाले हैं। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।
मुख्यमंत्री ने कलाकारों के अभिनय की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रस्तुतियां भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी कलाकारों और आयोजकों को सफल मंचन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
बाद में मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए लिखा, "पटना के बापू सभागार में आयोजित भव्य नाट्य प्रस्तुति 'हमारे राम' का साक्षी बना। सुप्रसिद्ध कलाकार आशुतोष राणा जी एवं राहुल भुचर जी सहित तमाम विख्यात कलाकारों द्वारा प्रस्तुत यह नाटक रामायण के उन प्रेरणादायी प्रसंगों को मंच पर जीवंत करता है, जिन्हें सामान्यतः कम प्रस्तुत किया जाता है। भारतीय संस्कृति, मर्यादा, आदर्श और सनातन मूल्यों को समर्पित यह प्रस्तुति दर्शकों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं भावपूर्ण रही।"
इस अवसर पर राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सभागार में श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गौरव का वातावरण देखने को मिला।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Aug 2026 9:20 PM IST












