पीएम किसान की 24वीं किस्त मिलने पर किसानों ने जताया आभार, कहा-खेती को मिलेगी मजबूती

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के तहत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,690 करोड़ रुपए से अधिक की राशि भेजी। आर्थिक सहायता मिलने के बाद किसानों ने पीएम मोदी का आभार जताया।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत रांची, जामनगर, मोतिहारी, जालना भुवनेश्वर और पटना के किसानों का सहायता राशि उनके बैंक खाते में पहुंची। किसानों ने आभार जताते हुए कहा कि इस योजना से हम जैसे किसानों को आर्थिक तौर पर बहुत मजबूती मिलती है।
बिहार के मोतिहारी कि पिपराकोठी स्थित आईसीएआर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। भाजपा सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशभर के किसानों के लिए पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की, जिसके तहत कुल 18,690 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए। पूर्वी चंपारण प्रमुख जिलों में से एक है, जहां के किसानों को लगभग 86 करोड़ रुपए (करीब 100 करोड़ रुपए) मिले हैं। किसी और जिले को इतनी बड़ी रकम नहीं मिली।
वहीं, मोतिहारी के किसानों ने कहा कि 2000 हजार रुपए की सहायता मिलने से रवि और खरीफ फसल के लिए बीज की खरीददारी कर पाएंगे। एक अन्य किसान ने कहा कि पीएम मोदी की इस योजना से खेती करने में काफी लाभ मिल रहा है।
एक अन्य किसान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की नवीनतम किस्त जारी की है। यह आर्थिक सहायता रबी और खरीफ, दोनों ही मौसमों में किसानों को काफी मदद देती है।
झारखंड के रांची में आयोजित कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर शामिल हुए। कार्यक्रम में काफी संख्या में किसान शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत हमें आर्थिक सहायता मिलती है और पैसे समय पर खाते में आ जाते हैं। सालाना 6 हजार रुपए मिल जाते हैं, काफी मदद मिलती है।
केंद्रीय राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि रांची स्थित आईसीएआर-एनआईएसए में आयोजित पीएम-किसान कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ। इस अवसर पर किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण में पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की भूमिका पर चर्चा हुई।
गुजरात के जामनगर में पटेल समाज भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। किसानों ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना से काफी लाभ हो रहा है। फसल में खाद बीज डालने के लिए अब दूसरों पर निर्भर नहीं होना पड़ता है। इस योजना के लिए पीएम मोदी का आभार।
एक किसान ने कहा कि मैं पिछले 15 साल से प्राकृतिक खेती कर रहा हूं। आज इस योजना के तहत मिल रही आर्थिक मदद से हमें बुआई के लिए बीज खरीदने में भी मदद मिलती है। सरकारी सहयोग के कारण हमें प्राकृतिक खेती से कई लाभ भी मिले हैं। पिछले आठ साल से मैं सब्जियां उगा रहा हूं और अपनी उपज के लिए मुझे अच्छे दाम मिल रहे हैं। स्थानीय लोग भी हमें काफी सहयोग दे रहे हैं।
बिहार की राजधानी पटना में पीएम किसान सम्मान निधि की राशि मिलने से किसान काफी खुश नजर आए। किसानों ने कहा ये राशि खाद और बीज खरीदने में काफी काम आती है। पैसा सीधे अकाउंट में आने से किसानों को सहूलियत होती है।
एक लाभार्थी किसान ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि की ये जो योजना चल रही है, इसमें कहीं किसी बिचौलिये को हम लोग पैसे नहीं देते हैं या ब्लॉक स्तर से खाद, बीज के लिए जो भी मिलता है, वो हम लोगों को डायरेक्ट मिल जाता है। इसमें कहीं बिचौलिये की कोई जरूरत नहीं पड़ती है। सभी किसानों को खाद बीज मिल जाता है। किसानों का काफी लाभ हो रहा है। 2019 से यह योजना चलाई जा रही है, इससे काफी लाभ हो रहा है।
ओडिशा के भुवनेश्वर के किसानों ने पीएम मोदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अच्छा लगता है कि पीएम मोदी की इस लाभकारी योजना से सालाना तीन बार सहायता राशि मिल जाती है और किसानों को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
वहीं, महाराष्ट्र के जालना में सम्मान निधि मिलने पर किसानों ने कहा कि तीन बार मिलने वाली यह सहायता राशि हमें काफी मदद पहुंचा रही है।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख और वरिष्ठ वैज्ञानिक, श्रीकृष्ण सोनउने ने कहा कि जालना जिले के खरपुडी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में 'पीएम किसान उत्सव' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के तहत पीएम मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से 'पीएम-किसान' योजना की 26वीं किस्त जारी की। इस कार्यक्रम का पूरे देश में सीधा प्रसारण (लाइव ब्रॉडकास्ट) किया गया। इसी वजह से जिले के बड़ी संख्या में किसान यहां मौजूद थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
