पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 110 मामलों से जुड़ी हजारों लीटर अवैध शराब नष्ट

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 110 मामलों से जुड़ी हजारों लीटर अवैध शराब नष्ट
ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। न्यायालय के निर्देश पर बिसरख थाना पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 110 अभियोगों से संबंधित भारी मात्रा में जब्त की गई अवैध शराब को नष्ट कराया।

ग्रेटर नोएडा, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। न्यायालय के निर्देश पर बिसरख थाना पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 110 अभियोगों से संबंधित भारी मात्रा में जब्त की गई अवैध शराब को नष्ट कराया।

इस कार्रवाई के तहत करीब 4000 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, 1150 लीटर अवैध बीयर और लगभग 500 लीटर अवैध देशी शराब को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे माल निरस्तीकरण अभियान के अंतर्गत की गई। अभियान का उद्देश्य जब्त किए गए अवैध सामान का सुरक्षित और कानूनी तरीके से निस्तारण करना है, ताकि भविष्य में इनके दुरुपयोग की संभावना समाप्त की जा सके।

इस दौरान पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा और अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त सेंट्रल नोएडा द्वितीय, थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक तथा आबकारी निरीक्षक गौतमबुद्धनगर की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को संपन्न कराया गया।

सभी अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई को पारदर्शी और विधिसम्मत तरीके से अंजाम दिया गया। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह अवैध शराब वर्ष 2024-25 के दौरान विभिन्न अभियोगों में जब्त की गई थी।

न्यायालय से आदेश प्राप्त होने के बाद इसे नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई। शराब को नष्ट करने के लिए रोड रोलर से बोतलों को तोड़ा गया और फिर गड्ढा खोदकर उन्हें मिट्टी में दबा दिया गया, जिससे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर किसी प्रकार का दुष्प्रभाव न पड़े।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध शराब का कारोबार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। इसलिए इस पर सख्ती से रोक लगाने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग मिलकर अभियान चला रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 April 2026 8:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story