पुणे रेप और हत्या मामला केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल ने की घटना की निंदा, बोले- आरोपी को जल्द हो फांसी
नई दिल्ली/पुणे, 3 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल ने पुणे के नसरापुर में एक मासूम बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में आरोपी को मृत्युदंड की मांग की है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस अपराध के लिए एकमात्र उचित दंड मृत्युदंड ही है।
केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "नसरापुर में हुई इस अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और घृणित घटना से मन बेहद व्यथित है। यह घटना, जो मानवता को शर्मसार करती है, अत्यंत आक्रोशपूर्ण है। मैं इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा हूं।"
उन्होंने आगे लिखा, "इस अपराध के लिए एकमात्र उचित दंड मृत्युदंड ही है। यह सुनिश्चित करने के लिए कि आरोपी को वास्तव में मृत्युदंड मिले, मैं बीते दिन से ही मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ पीड़ित परिवार के करीबी सहयोगियों के भी निरंतर संपर्क में हूं।"
मुरलीधर मोहोल ने पोस्ट किया, "इस घटना की प्रकृति निस्संदेह अत्यंत घिनौनी है। समाज में ऐसी विकृतियों को शुरुआत में ही निर्ममतापूर्वक कुचल देना अत्यंत आवश्यक है। जब तक इस दरिंदे को यथाशीघ्र फांसी के फंदे तक नहीं पहुंचा दिया जाता, तब तक हम किसी भी परिस्थिति में पीछे नहीं हटेंगे।"
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि स्वयं दो बेटियों का पिता होने के नाते वे इस परिवार के दुख को अपना ही दुख मानते हैं। इसी गहरी सहानुभूति और दृढ़ संकल्प के साथ वे इस मामले को इसके तार्किक और न्यायसंगत अंजाम तक पहुंचाएंगे।
बता दें कि पुणे के नसरापुर में एक लगभग चार साल की बच्ची का 65 साल के व्यक्ति ने यौन शोषण किया और बाद में उसकी हत्या कर दी। यह मामला तब सामने आया, जब दोपहर में बच्ची लापता हो गई और उसके परिवार वालों ने उसे ढूंढना शुरू किया। ढूंढने के दौरान ही बच्ची की क्षत-विक्षत और खून से लथपथ लाश मिली। इलाके के सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर आरोपी बुजुर्ग उस छोटी बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखा, जिससे पुलिस को उसकी पहचान करने और उसे हिरासत में लेने में मदद मिली।
प्रदेशभर के लोग रेप और हत्या की इस घटना से आक्रोशित हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस जघन्य घटना की निंदा की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 May 2026 1:12 PM IST












