पंजाब में जब से आई 'आप' की भगवंत मान सरकार, ड्रग्स का कारोबार बढ़ा है रणबीर गंगवा

पंजाब में जब से आई आप की भगवंत मान सरकार, ड्रग्स का कारोबार बढ़ा है  रणबीर गंगवा
पंजाब में नशे की समस्या को लेकर हरियाणा सरकार में मंत्री रणबीर गंगवा ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मैंने कुछ समय पहले पंजाब का दौरा किया था, जहां लोगों ने उनके सामने नशे की समस्या को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की थी।

चंडीगढ़, 16 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब में नशे की समस्या को लेकर हरियाणा सरकार में मंत्री रणबीर गंगवा ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मैंने कुछ समय पहले पंजाब का दौरा किया था, जहां लोगों ने उनके सामने नशे की समस्या को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की थी।

चंडीगढ़ में आईएएनएस से बातचीत में मंत्री ने कहा कि यह बहुत चिंता की बात है। मैंने कुछ समय पहले पंजाब का दौरा भी किया था और वहां के लोगों ने यह चिंता जताई थी। पंजाब के लोगों ने बहुत उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई थी, यह सोचकर कि वह कुछ नया करेगी। लेकिन, जब से यह पार्टी सत्ता में आई है, ड्रग्स का कारोबार बढ़ा है और उसे बढ़ावा मिला है, जिससे पंजाब की जनता त्रस्त है। स्वाभाविक है कि सरकार की जवाबदेही बनती है।

यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के मुद्दे पर रणबीर गंगवा ने कहा कि विपक्ष हमेशा लोगों को गुमराह करने का काम करेगा। 'एक देश, एक कानून' होना चाहिए और सभी नागरिकों को समान अधिकार मिलने चाहिए। देश में एक समान कानून होने में क्या दिक्कत है?

पीएम मोदी के जन्मदिन को लेकर चलाए जाने वाले कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि उन्होंने सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे किए हैं। इन 25 वर्षों में हमने देखा है कि प्रधानमंत्री का एकमात्र लक्ष्य जनसेवा और राष्ट्रसेवा रहा है। इन वर्षों में उन्होंने यह भी दिखाया है कि पारदर्शिता के साथ सरकार चलाकर किसी राज्य और देश को कैसे आगे बढ़ाया जा सकता है। वह लंबे समय तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और इसके बाद देश के प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली।

उन्होंने कहा कि उनके प्रधानमंत्री बनने के समय देश के सामने कई चुनौतियां थीं। नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की गई। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प रखा है। संगठन ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है। इस दौरान कार्यकर्ता लोगों तक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 Sept 2026 8:58 PM IST

Tags

Next Story