राजभर का अखिलेश पर नया हमला, बोले-सपा शासन में चरम पर थी जातीय हिंसा और अराजकता
लखनऊ, 15 जुलाई (आईएएनएस)। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। राजभर ने 2012 में सपा की सत्ता में वापसी के बाद प्रदेश में जातीय और सांप्रदायिक हिंसा फैलने का आरोप लगाते हुए कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। उन्होंने दावा किया कि सपा की सरकार का मतलब प्रदेश को अराजकता और हिंसा की ओर धकेलना है।
मंत्री ओपी राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर सपा मुखिया अखिलेश यादव को घेरते हुए लिखा कि सपा की जातीय हिंसा : पार्ट-2 अखिलेशजी पिता के दम पर आपका दुर्भाग्य से 2012 में मुख्यमंत्री बन जाना और आपकी ताजपोशी से उत्तर प्रदेश का पश्चिम बंगाल बन जाना। उन्होंने कहा कि याद कीजिए, साल 2012 का आप चुनाव जीते और उसके बाद आपके उद्दंड कार्यकर्ताओं ने क्या किया। पूरे प्रदेश में जातीय और धार्मिक हिंसा शुरू कर दी। उत्तर प्रदेश को पश्चिम बंगाल जैसा बना दिया गया था।
राजभर ने कहा कि आपकी पार्टी की जीत के 36 घंटे के अंदर आपके कार्यकर्ताओं ने यूं तो हर जिले में हंगामा किया था लेकिन यूपी के नौ जिलों के अति पिछड़ों एवं दलित गांवों को आग के हवाले करने की घटना को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस आगजनी में हत्याएं भी की गईं और पुलिस बेबस रहकर तमाशा देखती रही। उन्होंने कहा कि उस हिंसा में अम्बेडकरनगर के अकबरपुर विधानसभा सीट से चुनाव हारने वाले बसपा के एक पूर्व मंत्री की राइस मिल तक जला दी गई थी। याद तो होगा ही ना।
राजभर ने कहा कि बेचारे मंत्रीजी अपने गांव में लगी आग को बुझाते घूम रहे थे और उनके राइस मिल में लगी आग की लपटें अम्बेडकरनगर जनपद के अकबरपुर कस्बे के तहसील तिराहे तक पहुंच चुकी थी। मंत्रीजी का बेटा अलग बेबस घूम रहा था, उससे ज्यादा अनिर्णय की स्थिति में अम्बेडकरनगर की पुलिस थी कि वो करें तो करें क्या? उन्होंने कहा कि इसलिए राजभर कहता है, सपा का आना मतलब, उत्तर प्रदेश का पश्चिम बंगाल का बन जाना।
--आईएएनएस
विकेटी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 July 2026 10:16 AM IST











