अहम मुलाकात: जयंत पाटील की देवेंद्र फडणवीस से देर रात मुलाकात से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल, क्या शरद पवार गुट एनडीए में होगा शामिल !

जयंत पाटील की देवेंद्र फडणवीस से देर रात मुलाकात से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल, क्या शरद पवार गुट एनडीए में होगा शामिल !
  • एनडीए के साथ जाने पर अभी कोई फैसला नहीं- सुले
  • वित्त मंत्री बनाए जाने की चर्चाओं पर क्या बोले पाटील?

Mumbai News. प्रदेश की राजनीति में मंगलवार देर रात हुई एक अहम मुलाकात ने सियासी गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। राकांपा (शरद) के वरिष्ठ नेता और विधायक जयंत पाटील ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके सरकारी आवास 'वर्षा' पर मुलाकात की। इस दौरान एनसीपी (अजित) के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल और प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे भी वर्षा बंगले पर मौजूद थे। तीनों नेताओं की एक ही समय पर मुख्यमंत्री आवास पर मौजूदगी के बाद राजनीतिक हलकों में यह अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या शरद पवार का गुट एनडीए में शामिल होने की तैयारी कर रहा है? हालांकि इस पूरे घटनाक्रम पर पाटील ने सफाई दी है कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र के नगराध्यक्ष को अयोग्य घोषित किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने गए थे। हालांकि सत्ता पक्ष की ओर से इस पर कोई टिप्पणी नहीं मिल सकी।

पाटील ने बताई मुलाकात की वजह

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में जयंत पाटील ने सभी राजनीतिक अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी मुलाकात पूरी तरह प्रशासनिक विषय को लेकर थी। उन्होंने कहा कि वह सांगली जिले के ईश्वरपुर नगर परिषद के नगराध्यक्ष को अयोग्य घोषित किए जाने के मामले में मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे। उनके अनुसार यह मामला नगर विकास विभाग से जुड़ा है और इसी विषय पर चर्चा करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्हें बाद में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से भी मिलना था लेकिन उनके दिल्ली में होने के चलते मुलाकात नहीं हो सकी। पाटील ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी मुलाकात प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे के साथ संयुक्त रूप से नहीं हुई। उन्होंने कहा कि तीनों नेताओं का एक ही समय पर वहां मौजूद होना महज संयोग था।

वित्त मंत्री बनाए जाने की चर्चाओं पर क्या बोले पाटील?

हाल के दिनों में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि यदि भविष्य में शरद पवार का गुट एनडीए का हिस्सा बनता है तो जयंत पाटील को राज्य का नया वित्त मंत्री बनाया जा सकता है। इन अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए पाटील ने कहा कि मैंने किसी भी पद के बारे में कोई विचार नहीं किया है। आप लोग मुझसे पहले ही विभागों का बंटवारा कर रहे हैं। विभागों का आवंटन मुख्यमंत्री का अधिकार है और वही इस पर फैसला करेंगे।उन्होंने आगे कहा कि मीडिया में लगातार इस तरह की चर्चाएं चलना दुखद है। उनका कहना था कि हम सभी शरद पवार के नेतृत्व में एकजुट हैं और पार्टी के भीतर किसी तरह का मतभेद नहीं है।

क्यों हो रही हैं राजनीतिक चर्चाएं?

दरअसल राज्य सरकार में वित्त विभाग को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं। पहले यह विभाग अजित पवार के पास था, लेकिन उनके निधन के बाद वित्त विभाग फिलहाल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि भविष्य में सत्ता समीकरण बदलते हैं और शरद गुट एनडीए के साथ आता है तो वित्त विभाग को लेकर नए समीकरण बन सकते हैं। चूंकि जयंत पाटील पहले भी वित्त मंत्री रह चुके हैं, इसलिए उनका नाम संभावित दावेदारों में लिया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में मुख्यमंत्री या सत्ताधारी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

सुप्रिया सुले ने क्या कहा?

राकांपा (शरद) की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने भी एनडीए में शामिल होने की चर्चाओं पर कहा कि एनडीए के साथ जाने को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। उनके इस बयान के बाद फिलहाल यह स्पष्ट हो गया है कि पार्टी की ओर से किसी भी राजनीतिक निर्णय की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Created On :   15 July 2026 9:44 PM IST

Tags

Next Story